Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा और चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में सोमवार को मतदान का माहौल सुबह से ही जोरों पर रहा। सुबह सात बजे से शुरू हुए मतदान में मतदाताओं की कतारें लगातार बढ़ती रहीं। कुल 87 मतदान केंद्रों पर यह प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है और शाम पांच बजे तक यह जारी रहेगी।
इस बार बैलेट पेपर से होगा मतदान
इस चुनाव में मतदाता सीधे बैलेट पेपर से वोट डाल रहे हैं। वोट डालने के लिए पहले मतदाता पहचान पत्र दिखाना पड़ रहा है, उसके बाद ही मतपत्र जारी किया जा रहा है। मतदाता गोपनीय कक्ष में जाकर अपने पसंदीदा प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगाकर मतपेटी में डाल रहे हैं।
कंट्रोल रूम से हो रही निगरानी
जिला समाहरणालय सभागार में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु मिलकर मतदान प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। सभी 87 मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और इन्हें लाइव मॉनिटर किया जा रहा है।
कौन-कौन कर रहे हैं मुकाबला
इस चुनाव में कई नामी चेहरे मैदान में हैं। प्रमुख प्रत्याशियों में नितिन प्रकाश, रमेश खिरवाल, सुनील सब, अनूप कुमार सुलतानिया, क़ाबू दत्ता, फैयाज़ ख़ान, मो सलीम, राधा मोहन बनर्जी और नितेश दोदराजका शामिल हैं। इनके अलावा और भी कई प्रत्याशी हैं, जिनकी किस्मत आज मतपेटियों में बंद होगी।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर मतदान करें। मतदान के बाद मतपेटियों को सील कर सुरक्षित स्थान पर रखा जाएगा।
Also Read : निकाय चुनाव 2026 : 9 बजे तक चास में 07.41% और फुसरो में 09.45% हुई वोटिंग


