Deoghar : झारखंड के देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के लालगढ़ मोहल्ले में गुरुवार को धार्मिक स्थल की मरम्मत को लेकर हिंसक झड़प हुई। मिली जानकारी के अनुसार यहां स्थित करीब 100 साल पुराने काली मंदिर की मरम्मत और प्लास्टर का काम चल रहा था। मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई, जिससे विवाद बढ़ गया। बुधवार रात को कहासुनी के बाद पथराव की घटना हुई थी। गुरुवार सुबह मामला फिर से भड़क गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ।
इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोग जख्मी हुए। जख्मी नौ लोगों को मधुपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। मधुपुर एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस स्पॉट पर पहुंची और इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया। पुलिस ने कहा कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है।

पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त कदम उठा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। यह मंदिर स्थानीय कुछ परिवारों की कुलदेवी का स्थान भी माना जाता है। मंदिर के मरम्मत को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे सांप्रदायिक रूप ले गया और हिंसक झड़प तक पहुंच गया।
Also Read : रांची में मकर संक्रांति पर भव्य नमो पतंग महोत्सव, संजय सेठ ने किया उद्घाटन

