Johar Live Desk : डांस रियलिटी शो ‘डांस इंडिया डांस’ और ‘डांस प्लस’ से पहचान बनाने वाले राघव जुयाल ने अपनी मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में खास जगह बना ली है। छोटे पर्दे से शुरुआत करने वाले राघव अब धीरे-धीरे बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनते जा रहे हैं। बीते साल आर्यन खान की डायरेक्शनल डेब्यू सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में उनकी परफॉर्मेंस को काफी पसंद किया गया था।
राघव जुयाल ने मारी बड़ी छलांग
अब राघव जुयाल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राघव को उनके करियर की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म ‘रामायण’ मिल गई है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस मेगा बजट फिल्म में राघव की एंट्री को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं।
मेघनाद (इंद्रजीत) के रोल में दिखेंगे राघव
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, राघव जुयाल फिल्म ‘रामायण’ में लंका के युवराज मेघनाद (इंद्रजीत) का किरदार निभाते नजर आएंगे। मेघनाद रावण के सबसे बड़े बेटे होते हैं और ‘रामायण’ की कहानी में उनका रोल काफी अहम माना जाता है। राघव का यह किरदार ‘रामायण पार्ट 2’ में दिखाई देगा, जो दिवाली 2027 पर रिलीज होने वाली है।
पहले विक्रांत मैसी को मिला था ऑफर
कई मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मेघनाद के किरदार के लिए मेकर्स ने सबसे पहले विक्रांत मैसी से संपर्क किया था। हालांकि किसी वजह से बात नहीं बन पाई और वह फिल्म का हिस्सा नहीं बन सके। इसके बाद यह अहम रोल राघव जुयाल को ऑफर किया गया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। बताया जा रहा है कि इंजरी से पूरी तरह उबरने के बाद राघव अपनी शूटिंग शुरू करेंगे।
स्टारकास्ट भी है दमदार
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे, जबकि साउथ सुपरस्टार यश लंकापति रावण की भूमिका निभाएंगे। फिल्म में सनी देओल हनुमान के रोल में और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में दिखाई देंगी। वहीं विजय सेतुपति विभीषण की भूमिका निभाते नजर आएंगे। दमदार स्टारकास्ट और भव्य स्केल के चलते फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।
Also Read : गिरिडीह: कांग्रेस ने दो नेताओं को किया निष्कासित…जानें


