Giridih : नगर निकाय चुनाव के दौरान पार्टी के निर्देशों की अनदेखी करना कांग्रेस के दो नेताओं को भारी पड़ गया। जिला कांग्रेस कमेटी गिरिडीह ने अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए दोनों नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इस संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया ने आधिकारिक आदेश जारी किया है।
पार्टी निर्देशों की अवहेलना पड़ी भारी
जारी आदेश के मुताबिक, योगेश्वर मेहता और पंकज सागर (राजधनवार, गिरिडीह) को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया गया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर नगर निकाय चुनाव में उम्मीदवारों के चयन का अधिकार जिला राजनीतिक मामलों की समिति को दिया गया था।
उम्मीदवार तय होने के बाद भी नहीं मानी बात
समिति द्वारा पार्टी समर्थित उम्मीदवार तय किए जाने के बाद संबंधित नेताओं से अपनी-अपनी उम्मीदवारी वापस लेने का आग्रह किया गया था। इसके बावजूद दोनों नेताओं ने न तो पार्टी के निर्देशों का पालन किया और न ही इस संबंध में कोई जवाब या स्पष्टीकरण दिया।
कारण बताओ नोटिस का भी नहीं दिया जवाब
पार्टी की ओर से 6 फरवरी 2026 को दोनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन तय समय सीमा के भीतर उसका भी कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने अपने निहित अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए सख्त कदम उठाया।
अनुशासन बनाए रखने के लिए जरूरी फैसला
पार्टी नेतृत्व ने इस कार्रवाई को संगठन में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में अहम कदम बताया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह फैसला उन लोगों के लिए कड़ा संदेश है, जो पार्टी लाइन से हटकर काम करते हैं। संगठन ने साफ कर दिया है कि चुनाव के दौरान अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Also Read : झारखंड ऊर्जा विभाग में सचिव की कुर्सी चार महीने से खाली, कामकाज पर असर


