Patna : बिहार में ठंड लगातार बढ़ रही है। पछुआ हवा के कारण अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में भागलपुर के सबौर को राज्य का सबसे ठंडा स्थान रिकॉर्ड किया गया, जहाँ न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही शुष्क और ठंडी हवाएँ बिहार के तापमान को नीचे ले जा रही हैं। हवा की गति तेज होने के कारण रात के समय ठंड और अधिक महसूस हो रही है। हालांकि अभी राज्य में शीतलहर नहीं है, लेकिन तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है। सुबह के समय मैदानी इलाकों में हल्का कोहरा छा सकता है।
ठंड से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव का सहारा ले रहे हैं। गोपालगंज में लोग अलाव सेंकते दिखे, जबकि बेतिया में घना कोहरा छाया रहा। बेगूसराय में ठंड बढ़ने के साथ चाय की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले सप्ताह तक बिहार के अधिकतर हिस्सों में ठंड और बढ़ेगी। उत्तरी और मध्य बिहार में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी कम हो सकती है। इसका असर पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और दरभंगा जैसे शहरों में सुबह के यातायात पर पड़ सकता है।
कम विजिबिलिटी का असर रेल यातायात पर भी दिखा। 9 ट्रेनें लेट रहीं और एक ट्रेन को रिशेड्यूल किया गया। हावड़ा जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को एक घंटे बाद रवाना किया गया। पटना जंक्शन से सुबह 8 बजे खुलने वाली यह ट्रेन अब 9 बजे खुलेगी।
लेट चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में शामिल हैं कोलकाता–पटना गरीब रथ एक्सप्रेस, दरभंगा–मैसूर स्पेशल, हरिद्वार–राजगीर फेस्टिवल स्पेशल, चेरापली–पटना स्पेशल, लोकमान्य तिलक–डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, इंदौर–पटना एक्सप्रेस, वैशाली–कोडरमा पैसेंजर, पलामू एक्सप्रेस और विभूति एक्सप्रेस।
राजधानी पटना में भी ठंड बढ़ गई है। पछुआ हवा के कारण रात में तापमान गिरा है। अगले 24 घंटों में पटना का न्यूनतम तापमान 9–10 डिग्री रहने का अनुमान है। सुबह और शाम की ठंडी हवा के कारण दिन का तापमान भी सामान्य से लगभग 2 डिग्री कम रह सकता है।


