Patna : पटना के गुलजारबाग पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रोफेसर और छात्रावास सुपरिटेंडेंट मिथिलेश कुमार को 1.5 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई कॉलेज के बॉयज हॉस्टल स्थित उनके दफ्तर में की गई।
मेस संचालक से कमीशन मांगने का आरोप
मिथिलेश कुमार पर आरोप है कि छात्रावास में मेस चला रहे संदीप कुमार दुबे उर्फ रौनक से वे छात्रों की संख्या के आधार पर कमीशन मांग रहे थे। शिकायत के अनुसार लगभग 450 छात्रों के रहने वाले इस हॉस्टल में मिथिलेश 9 छात्रों के हिसाब से कमीशन की मांग कर रहे थे और पैसे नहीं देने पर काम में बाधा डालते थे। मेस संचालक ने इसकी लिखित शिकायत निगरानी विभाग में की, जिसके बाद शनिवार को विजिलेंस टीम ने ट्रैप बिछाया और जैसे ही संदीप ने रुपये दिए, टीम ने मिथिलेश को गिरफ्तार कर लिया।
बजरंगपुरी स्थित फ्लैट पर 5 घंटे तक सर्च ऑपरेशन
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने मिथिलेश के बयान के आधार पर पटना के कुम्हरार स्थित बजरंगपुरी इलाके में उनके फ्लैट पर देर रात सर्च ऑपरेशन चलाया। मिथिलेश ने दावा किया था कि फ्लैट में एक सूटकेस में 30 से 40 लाख रुपये रखे हैं। विजिलेंस की टीम ने डीएसपी अरुणोदय पांडेय के नेतृत्व में फ्लैट के बाथरूम, किचन और कमरों में घंटों तलाशी ली। टीम ने कई बार मिथिलेश को फोन कर लोकेशन पूछी, लेकिन सूटकेस बरामद नहीं हुआ। करीब 5 घंटे की तलाशी के बाद टीम खाली हाथ लौट गई। छापेमारी के समय मिथिलेश की पत्नी, कांग्रेस नेत्री मोना पासवान रिश्तेदार के शादी समारोह में थीं। टीम के संपर्क करने पर वे बेटी और देवर के साथ फ्लैट पर पहुंचीं।
कौन है मिथिलेश कुमार और उनका परिवार?
मिथिलेश कुमार नालंदा के रहने वाले हैं। उनके छोटे भाई पुलिस विभाग में दारोगा के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी मोना पासवान कांग्रेस की सक्रिय सदस्य हैं और राजगीर विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुकी हैं। साथ ही वे नालंदा के चंडी क्षेत्र से जिला परिषद सदस्य भी रह चुकी हैं। मिथिलेश के एक बेटा और एक बेटी हैं, जो मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे हैं।
Also Read : बिहार में मौसम बदलने लगा तेवर, कई जिलों में सर्दी चरम पर


