Patna : बिहार में नई सरकार बनने के बाद बुलडोजर कार्रवाई तेज हो गई है। गृहमंत्री और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ किया है कि माफिया और अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में जिलों में प्रशासन रोज अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चला रहा है।
बेगूसराय में शनिवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रशासन लोहिया नगर गुमटी के पास एक झोपड़ी और चाय की दुकान को जेसीबी से हटाने पहुंचा। इस दौरान एक युवक, कुंदन महतो, कैमरे के सामने अपनी लंबी चोटी काट दी। उसने कहा कि वह पहले प्रधानमंत्री मोदी, सीएम नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का भक्त था और उनकी प्रेरणा से पिछले 10 साल से चोटी रखी थी। लेकिन अब उसके घर और दुकान को बुलडोजर से हटाए जाने के बाद वह गुस्से में अपनी चोटी काट रहा है।
कुंदन ने बताया कि अब उसे पीला गमछा पहनने में भी कोई दिलचस्पी नहीं रही और उसने इसे कुत्ते के गले में डाल दिया। उसने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों पर ही कार्रवाई दिखा रही है और इस कारण उसका परिवार सड़क पर आ गया।
इसी तरह नालंदा के सिलाव नगर पंचायत में भी प्रशासन ने सैलून और दुकानों को हटाया। सैलून संचालक अखिलेश ठाकुर का आरोप है कि उन्हें राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया गया। उन्होंने बताया कि सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही, लेकिन गरीबों की दुकानें हटाई जा रही हैं।
वहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में कहा कि बुलडोजर कार्रवाई न्यायालय के आदेश के तहत हो रही है। उन्होंने माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कहा कि चाहे वह जमीन माफिया हो, बालू माफिया हो या शराब माफिया, कोई नहीं बचेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका नाम ‘बुलडोजर बाबा’ नहीं है और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल कानून और कोर्ट के आदेश के अनुसार की जा रही है।


