Johar Live Desk : रियलिटी शो बिग बॉस 19 का बहुप्रतीक्षित फिनाले रविवार को मुंबई के गोरेगांव फिल्म सिटी में होगा। शो 24 अगस्त से शुरू हुआ था और इस बार भी इसकी मेजबानी सलमान खान ने की। 18 कंटेस्टेंट्स में से अब सिर्फ 5 फाइनलिस्ट – गौरव खन्ना, प्रणीत मोरे, फरहाना भट्ट, अमाल मलिक और तान्या मित्तल – बचे हैं। इनमें से कोई एक आज नई ट्रॉफी अपने नाम करेगा।
सीजन में सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहीं तान्या मित्तल
ग्वालियर की तान्या मित्तल पूरे सीजन में अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और बेबाक अंदाज के कारण चर्चा में रहीं। उन्होंने शो में बताया कि उनके पास 150 बॉडीगार्ड हैं, घर के हर फ्लोर पर 5 नौकर और 7 ड्राइवर हैं। तान्या ने 2,500 वर्ग फीट वॉर्डरोब और घर में लगी किचन-टू-किचन लिफ्ट का भी दावा किया। तान्या एक TEDx स्पीकर भी हैं।
अशनूर कौर का बाहर होना बना सबसे बड़ा विवाद
30 नवंबर को 21 वर्षीय एक्ट्रेस अशनूर कौर को शो से बाहर कर दिया गया। टिकट टू फिनाले टास्क के दौरान उनकी तान्या से बहस हुई। गुस्से में अशनूर ने टास्क का हिस्सा बनी लकड़ी से तान्या के हाथ पर वार कर दिया। बिग बॉस ने इसे शारीरिक हिंसा मानते हुए उन्हें बाहर कर दिया। इस फैसले को लेकर दर्शकों में नाराज़गी भी देखी गई।
मृदुल तिवारी का मिड-वीक एविक्शन
मिड-वीक एविक्शन में लाइव ऑडियंस वोटिंग के आधार पर मृदुल तिवारी बाहर हुए। शो से बाहर आने के बाद उन्होंने मेकर्स पर बायस्ड होने का आरोप लगाया और कहा कि वोटिंग पारदर्शी तरीके से नहीं होती।
बसीर अली ने भी लगाए पक्षपात के आरोप
कंटेस्टेंट बसीर अली ने भी मेकर्स पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि उनकी सेक्शुअलिटी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जबकि छोटी बात पर उन्हें गलत दिखाया गया।
सलमान खान पर अमाल मलिक का पक्ष लेने के आरोप
सीजन की शुरुआत से ही सोशल मीडिया पर चर्चा थी कि सलमान अमाल मलिक का पक्ष ले रहे हैं। एक टास्क विवाद के बाद सलमान ने अभिषेक बजाज को डांटा, लेकिन अमाल की गलती को सेल्फ-डिफेंस बताया, जिसके बाद लोगों ने पक्षपात की बात कही। हालांकि सलमान ने एक एपिसोड में साफ किया कि वह किसी का पक्ष नहीं ले रहे।
फरहाना को ‘टेररिस्ट’ कहने पर हुआ विवाद
अमाल और फरहाना की बहसें पूरे सीजन में सुर्खियों में रहीं। इसी बीच अमाल की आंटी रोशन गैरी भिंडर ने एक इंटरव्यू में फरहाना को ‘टेररिस्ट’ कह दिया। इस टिप्पणी के बाद फरहाना के परिवार ने रोशन गैरी, यूट्यूब चैनल ‘फिफाफूज’ और यूट्यूब इंडिया को कानूनी नोटिस भेजा और सार्वजनिक माफी व 1 करोड़ रुपए हर्जाने की मांग की।
Also Read : इनकम टैक्स से डाकबंगला तक सड़क किनारे पार्किंग पर रोक, ट्रैफिक पुलिस ने नई व्यवस्था की लागू


