Patna : पटना में बढ़ते जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इनकम टैक्स गोलम्बर से डाकबंगला चौराहा तक ट्रैफिक व्यवस्था को नया रूप दिया गया है। ट्रैफिक एसपी की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नेहरू पथ पर इनकम टैक्स गोलम्बर से डाकबंगला चौराहा तक तीन पहिया और चार पहिया वाहनों की पार्किंग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। इसी तरह बुद्ध मार्ग से जीपीओ गोलम्बर के नीचे तक तीन और चार पहिया वाहनों की पार्किंग पर भी रोक रहेगी। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
इस्कॉन मंदिर या बुद्ध मार्ग जाने वाले चार पहिया वाहन मालिक अब सड़क किनारे गाड़ी नहीं लगा सकेंगे। उन्हें अपनी गाड़ी तारामंडल के सामने बने स्मार्ट मल्टी-लेवल पार्किंग में ही पार्क करनी होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा उद्घाटन की गई इस स्मार्ट पार्किंग की क्षमता 96 गाड़ियों की है। यहां तीन पहिया वाहन भी पार्क किए जा सकते हैं।
मौर्यालोक कॉम्प्लेक्स जाने वालों के लिए भी पार्किंग व्यवस्था तय की गई है। वे अपनी गाड़ी मौर्यालोक स्थित स्मार्ट मल्टी-लेवल पार्किंग में ही पार्क कर सकते हैं।
यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि इनकम टैक्स से डाकबंगला और इस्कॉन मंदिर या बुद्ध मार्ग के आसपास किसी भी प्रकार की वाहन पार्किंग नहीं की जा सकेगी। उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नई व्यवस्था 7 दिसंबर 2025 से लागू होगी।


