Patna : पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास, जिसे राबड़ी आवास के नाम से जाना जाता है, वहां से सामान शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार देर रात 4 से 5 छोटी गाड़ियां आवास पर पहुंचीं, जिनके जरिए पौधों और गार्डन से जुड़ा सामान गोला रोड स्थित गौशाला में भेजा गया। बाद में इसे अन्य स्थानों पर ले जाने की तैयारी है। रात के अंधेरे में सामान निकाले जाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। यह शिफ्टिंग ऐसे समय में हो रही है जब आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव दिल्ली में हैं और तेजस्वी यादव भी पटना से बाहर हैं। हालांकि, आरजेडी की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
एक महीने पहले मिला था आवास खाली करने का नोटिस
गौरतलब है कि करीब 20 साल बाद लालू परिवार को राबड़ी आवास खाली करने का नोटिस मिला है। 25 नवंबर को बिहार भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को नोटिस भेजा था। इसमें कहा गया था कि विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के लिए 39 हार्डिंग रोड स्थित आवास आवंटित किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से आवास को चरणबद्ध तरीके से खाली किया जा रहा है। सामान धीरे-धीरे महुआ बाग और आर्य समाज रोड स्थित आवासों में शिफ्ट किया जा रहा है।
नोटिस के बाद बढ़ी सियासी हलचल
आवास खाली करने के नोटिस के बाद लालू परिवार एकजुट नजर आया था। तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर इसे लेकर नाराजगी जताई थी। वहीं, 15 नवंबर को नोटिस मिलने से पहले लालू यादव की बेटी रोहिणी राबड़ी आवास छोड़कर चली गई थीं। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी वहां से निकल गए थे।
Also Read : आज से रेल यात्रा महंगी, किन यात्राओं में कितना बढ़ा किराया… जानें


