Patna : पूर्णिया में जमीन और राजस्व से जुड़े लंबित मामलों के समाधान के लिए आज भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा आम लोगों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।
डिप्टी सीएम गुरुवार देर रात पूर्णिया पहुंचे, जहां सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। शुक्रवार सुबह वे मां पूरण देवी मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद नाश्ते के पश्चात निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के तहत समाहरणालय परिसर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की जाएगी। जन कल्याण संवाद दो पालियों में आयोजित होगा। पहली पाली सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी में होगी, जहां आम लोग अपनी जमीन से जुड़ी समस्याएं रख सकेंगे।
इस दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी और अन्य ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित शिकायतों को सुना जाएगा। खास बात यह है कि शिकायतकर्ता के सामने ही अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारी मौजूद रहेंगे, ताकि समस्याओं को समझकर त्वरित समाधान की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
कार्यक्रम में भाग लेने वालों का रजिस्ट्रेशन सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक होगा। आवेदन में नाम, पता और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा, ताकि शिकायत की स्थिति की जानकारी मोबाइल संदेश के माध्यम से दी जा सके।
दूसरी पाली में दोपहर 3:30 बजे से 5 बजे तक समाहरणालय के महानंदा सभागार में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक होगी। इसमें जिले के सभी वरीय अधिकारी और भूमि सुधार से जुड़े कर्मी शामिल होंगे।
जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य भूमि से जुड़ी सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। उन्होंने कहा कि यह पहल लंबे समय से परेशान लोगों के लिए राहत का अवसर साबित होगी।
Also Read : राबड़ी आवास से सामान शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू, देर रात हुई हलचल


