डालटनगंज । झारखंड के मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुऐ आज कहा कि देश में अब वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति नहीं चलेगी।
श्री दास ने यहां भवनाथपुर, छत्तरपुर और मेदिनीनगर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवारों के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की करोड़ों जनता ने वर्ष 2014 और 2019 के चुनाव में साबित कर दिया है कि अब वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में देश और राज्य की जनता ने यह भी बताया है कि चाय बेचनेवाले का बेटा देश तथा मजदूर भी राज्य का मुख्य सेवक बन सकता है।
भाजपा नेता ने कहा कि वंशवाद की राजनीति करनेवाले लोकतंत्र के विरोधी होते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में 14 वर्षों तक झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) ने सरकारें चलाई हैं लेकिन भाजपा के पांच वर्षों के कार्यकाल में किस तरह विकास के पथ पर आगे बढ़ा यह सभी जानते हैं।
श्री दास ने कहा कि झारखंड में डबल इंजन की सरकार गरीबों के सशक्तिकरण को लेकर काम रही। इसके तहत प्रधानमंत्री किसान योजना से 35 लाख किसानों के खाते में पांच-पांच हजार रुपये के दो किस्त दिए जा चुके हैं। वहीं, सोन नदी परियोजना पूर्ण होने की स्थिति में है।
© 2026 Johar LIVE. | About Us | AdSense Policy | Privacy Policy | Terms and Conditions | Contact Us.
