बेगूसराय में शनिवार से लापता 2 बच्चों की हत्या, चुनाव प्रचार वाहन के पीछे-पीछे गए थे

बेगूसराय में 16 अक्टूबर से लापता 2 बच्चों के शव बहियार में मिले हैं। दोनों के शरीर पर एसिड डालकर शव को पानी में फेंक दिया गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क को जाम कर दिया।

परिहारा ओपी क्षेत्र की बहुआरा पंचायत के चमराही के हिमांशु उर्फ गोलू (7) पिता सूर्य नारायण महतो और हर्ष कुमार (11) पिता रामज्ञान महतो शनिवार सुबह करीब 10 बजे से लापता थे। बताया गया कि वे गांव में चुनाव प्रचार करने आए वाहन के पीछे निकले थे। दोनों चचेरे भाई थे। फिलहाल घटनास्थल पर कई थाने की पुलिस पहुंचकर मामले की तफ्तीश कर रही है। लोगों को समझाने में जुटी है।

पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन

परिजनों ने बताया कि बच्चों के लापता होने की सूचना परिहारा थाना को दी गई थी। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने आरोप लगाया कि किसी ने दोनों बच्चों की हत्या कर शव को बहियार के पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया। वहीं, कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित चमराही के ग्रामीणों ने बखरी-खगड़िया मेन रोड के पास जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि 24 घंटे में प्रशासन ने मामले में संज्ञान नहीं लिया। बताया गया कि 5 साल पहले श्याम नारायण महतो का बेटा रूपेश कुमार (12) बेला चौक से लापता हो गया था। उसकी बरामदगी अभी तक नहीं हुई। तीनों बच्चे आपस में चेचरे भाई हैं।