Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के पानापुर में स्थित एक निर्माणाधीन एथनॉल प्लांट से एक मजदूर का शव उसके कमरे से बरामद किया गया है। मजदूर की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की शिनाख्त मोतिहारी जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र के बाभगोली गांव निवासी 35 वर्षीय राजकुमार के तौर पर की गई है।
साथ काम करने वाले मजदूरों ने मीडिया को बताया कि राजकुमार रात में काम खत्म करने के बाद अपने कमरे में सोने गया था। सुबह जब वह काम पर नहीं पहुंचा, तो साथी मजदूर उसे बुलाने गए। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद अंदर जाकर देखा गया तो कमरे में उसकी बॉडी पड़ी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। डायल 112 की क्विक रिस्पांस टीम ने स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इस घटना से मृतक के गांव बाभगोली में शोक का माहौल है।
Also Read : असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग में हिंसा, दो लोगों की मौ’त, हालात तनावपूर्ण

