Patna : बिहार सरकार ने राज्य में अवैध बालू कारोबार पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। खान एवं भू-तत्व विभाग की समीक्षा बैठक में यह जानकारी मिली कि कई जिलों में बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, खासकर ट्रकों के माध्यम से अवैध बालू का परिवहन किया जा रहा है।
इस पर राज्य के डिप्टी सीएम सह खान एवं भूतत्व मंत्री विजय सिन्हा ने परिवहन और गृह विभाग को निर्देश दिए हैं कि वे विशेष छापेमारी अभियान चलाएं। मंत्री ने सभी जिलों के एसपी को संवेदनशील स्थानों की पहचान कर नियमित और आकस्मिक जांच करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि अगर बिना नंबर वाले वाहन पकड़े जाते हैं, तो केवल वाहन मालिक ही नहीं, बल्कि संबंधित थाना और क्षेत्र के अधिकारी भी जिम्मेदार होंगे।
अवैध बालू परिवहन रोकने के लिए घाट, गोदाम, मुख्य सड़कें और सीमावर्ती इलाके नियमित रूप से चेक किए जाएंगे। बिना वैध कागजात या परमिट के बालू ले जाने वाले वाहनों पर अब सिर्फ चेतावनी नहीं, बल्कि मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा। विभाग ने जनता से भी सहयोग की अपील की है। अवैध बालू परिवहन की जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 94722 38821, 0612-2215360 और 9473191437 जारी किए गए हैं। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
खान एवं भू-तत्व विभाग का कहना है कि इन कदमों से अवैध बालू कारोबार पर काबू पाए जाने के साथ-साथ पर्यावरण और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और खनिज संसाधनों का सही उपयोग सुनिश्चित होगा।
Also Read : झारखंड में बिजली महंगी हो सकती है, 3.50 रुपए प्रति यूनिट तक बढ़ोतरी संभव


