Johar Live Desk : अगर आप ऑफिस में काम करते समय बार-बार ध्यान भटकने या किसी छोटी सी रिपोर्ट को पूरा करने में घंटों लगने की समस्या महसूस कर रहे हैं, तो इसके पीछे केवल काम का दबाव या नींद की कमी नहीं, बल्कि पोषक तत्वों की कमी भी एक बड़ा कारण हो सकता है। मस्तिष्क शरीर की कुल ऊर्जा का लगभग 20% हिस्सा खर्च करता है और इसे सही तरीके से काम करने के लिए विशेष विटामिन और खनिजों की आवश्यकता होती है। जब ये सूक्ष्म पोषक तत्व कम हो जाते हैं, तो ब्रेन फॉग जैसी स्थिति उत्पन्न होती है, जिसमें याददाश्त कमजोर होना, निर्णय लेने में कठिनाई और मानसिक स्पष्टता की कमी जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार मस्तिष्क का एक बड़ा हिस्सा फैट से बना होता है और इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड का अहम योगदान होता है। इसकी कमी से ध्यान केंद्रित करने और सीखने की क्षमता प्रभावित होती है। यह अखरोट, अलसी के बीज और मछली में पाया जाता है।
साथ ही विटामिन B12 की कमी भी ब्रेन फॉग का मुख्य कारण है। यह नसों की सुरक्षा परत ‘माइलिन’ बनाने में मदद करता है। इसकी कमी से सुस्ती, याददाश्त में कमजोरी और भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। डेयरी उत्पाद, अंडे और फोर्टिफाइड अनाज इसके अच्छे स्रोत हैं। शाकाहारी लोग डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट्स ले सकते हैं।
आयरन की कमी भी ध्यान केंद्रित करने की क्षमता को प्रभावित करती है क्योंकि यह खून के माध्यम से मस्तिष्क तक ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करता है। पालक, चुकंदर, अनार, कद्दू के बीज और दालें आयरन के अच्छे स्रोत हैं।
इसके अलावा मैग्नीशियम मस्तिष्क को शांत रखता है और तनाव कम करता है। डार्क चॉकलेट, बादाम और कद्दू के बीज इसके बेहतरीन स्रोत हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पर्याप्त पानी पीना और पोषक तत्वों से भरपूर संतुलित आहार लेना मस्तिष्क को सक्रिय और ध्यान केंद्रित बनाए रखने के लिए जरूरी है।
इस तरह, सही आहार और पोषक तत्वों की पूर्ति से आप ऑफिस और रोजमर्रा के कामों में अपनी एकाग्रता और मानसिक स्पष्टता बढ़ा सकते हैं।


