Ranchi : नए साल में झारखंड के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल में बढ़ोतरी का खतरा है। झारखंड विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने बिजली की कीमतों में इजाफे का प्रस्ताव राज्य विद्युत नियामक आयोग के सामने रखा है। इस प्रस्ताव के अनुसार घरेलू बिजली की कीमतों में 60 फीसदी तक वृद्धि हो सकती है, जिससे प्रति यूनिट 3.50 रुपए तक का इजाफा हो सकता है। यह बढ़ोतरी न केवल घरेलू उपभोक्ताओं पर, बल्कि विभिन्न श्रेणियों के उपभोक्ताओं पर भी लागू होगी।
इस प्रस्ताव पर आम जनता और उपभोक्ता 16 जनवरी तक अपनी आपत्तियां और सुझाव लिखित रूप में आयोग को दे सकते हैं। इसके लिए आवेदन में पूरा पता, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी देना अनिवार्य होगा। इसके बाद आयोग सार्वजनिक सुनवाई आयोजित करेगा और हितधारकों के साथ मीटिंग कर अंतिम निर्णय लेगा।
जेबीवीएनएल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिजली खरीद पर 8,726 करोड़ रुपए से अधिक खर्च का अनुमान लगाया है। इसमें थर्मल, हाइड्रो और अन्य स्रोतों से खरीदी जाने वाली बिजली शामिल है। पिछले वर्षों की तुलना में बिजली खरीद लागत में बढ़ोतरी हुई है, जिससे टैरिफ बढ़ने की संभावना बढ़ गई है।
इस साल यह दूसरी बार है जब बिजली दरों में बढ़ोतरी की बात सामने आई है। इससे पहले 1 मई 2025 से ग्रामीण घरेलू बिजली 40 पैसे प्रति यूनिट और शहरी घरेलू बिजली 20 पैसे प्रति यूनिट महंगी हुई थी, जबकि किसानों को राहत दी गई थी।
Also Read : अस्पताल ने नहीं दी मदद, पिता ने बेटे का श’व पैदल घर ले गया


