Johar Live Desk : टी20 विश्व कप 2026 का ग्रुप ए मुकाबला आज यानी शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं, जो शानदार फॉर्म में हैं। इंडिया ने हाल ही में न्यूजीलैंड को घरेलू टी20 सीरीज में 4-1 से पटखनी दी थी और डीवाय पाटिल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी धमाकेदार प्रदर्शन किया। अमेरिका की टीम के कप्तान मोनांक पटेल होंगे। दोनों टीमें अब तक टी20 फॉर्मेट में केवल एक बार भिड़ चुकी हैं, और वो मुकाबला दो साल पहले न्यूयॉर्क में टी20 विश्व कप 2024 के दौरान हुआ था। उस मैच में भारत ने अमेरिका को हराया था।
IND vs USA : पिछली भिड़ंत
पिछली बार अमेरिका में खेले गए मुकाबले में भारत ने जीत दर्ज की थी। इस बार मैच भारत में वानखेड़े स्टेडियम पर होने जा रहा है। अंतर बस इतना है कि अब भारत मेजबान है। दोनों कप्तान वही हैं – सूर्यकुमार यादव और मोनांक पटेल।
वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
वानखेड़े की पिच लाल मिट्टी से बनी है और गेंदबाजों को अच्छा उछाल मिलता है। यही वजह है कि यहां बल्लेबाजी भी मजेदार होती है। स्टेडियम में हमेशा जबरदस्त रन की बारिश होती है। शाम को खेले जाने वाले मुकाबलों में पिच समय के साथ बल्लेबाजी के लिए और आसान हो जाती है। टॉस जीतने वाला कप्तान अक्सर पहले गेंदबाजी करना पसंद करता है। पिछली बार इस मैदान पर इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 150 रन के अंतर से जीत दर्ज की थी। ऐसे में आज के मुकाबले में चौके-छक्कों की बरसात देखने को मिलने वाली है।
मौसम का हाल: मैच के लिए परफेक्ट
मुंबई में आज मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। दिन का अधिकतम तापमान 33°C रहेगा और शाम 7 बजे मैच के समय तापमान 30°C होगा। रात के समय तापमान थोड़ा गिर सकता है। समुद्र के किनारे होने की वजह से वानखेड़े में ओस का प्रभाव भी देखने को मिल सकता है, जो बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों के लिए चुनौती बन सकता है।
दोनों टीमों की स्क्वाड
भारत : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती।
अमेरिका : मोनांक पटेल (कप्तान), आंद्रिस गौस, साइतेजा एम, शायन जहांगीर, हरमीत सिंह, शेहान जयसूर्या, संजय कृष्णमूर्ति, मिलिंद कुमार, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजने, शाडले वान शाकविक, अली खान, जसदीप सिंह, नोस्तुश केनिजे, सौरभ नेत्रवलकर।
Also Read : पटना नगर निगम की 10वीं बोर्ड बैठक आज, सात महीने बाद हो रही मीटिंग

