Patna : पर्व-त्योहार के मौसम में घर लौट रहे प्रवासी यात्रियों की सुविधा के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने गयाजी बस डिपो से दिल्ली, गुरुग्राम और अंबाला के लिए विशेष अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। यह सेवा 23 फरवरी से 23 मार्च तक चलेगी।
गयाजी बस डिपो से कुल 17 बसें चलेंगी, जो इन तीनों शहरों के लिए नियमित रूप से संचालन करेंगी। दिल्ली के लिए बस हर दिन शाम चार बजे गयाजी से रवाना होकर अगले दिन दोपहर एक बजे पहुंचेगी। अंबाला के लिए बस सुबह 10 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 12 बजे पहुंच जाएगी। गुरुग्राम के लिए बस सुबह 9 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5 बजे वहां पहुंचेगी।
सुविधाएं और किराया
बसों में यात्रियों की सुविधा का खास ध्यान रखा गया है। एसी और नॉन-एसी बसों के अलावा लंबी दूरी की यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए एसी स्लीपर बसें भी चलाई जाएंगी। सभी बसों में साफ-सफाई, सुरक्षित सीटिंग और बेहतर यात्रा सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा।
किराया इस प्रकार तय किया गया है :
- दिल्ली : नॉन-एसी 1,046 रुपये, एसी 1,158 रुपये, एसी स्लीपर 1,747 रुपये
- अंबाला : एसी 1,294 रुपये, एसी स्लीपर 1,953 रुपये
- गुरुग्राम : नॉन-एसी 1,224 रुपये, एसी 1,356 रुपये, एसी स्लीपर 2,046 रुपये
गयाजी डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष कुमार ने बताया कि होली और ईद के दौरान बड़ी संख्या में लोग घर लौटते हैं, जिससे ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में यह विशेष बस सेवा यात्रियों के लिए सुरक्षित, समयबद्ध और किफायती विकल्प साबित होगी। आवश्यकता पड़ने पर बसों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।
Also Read : धनबाद नगर निगम चुनाव : 850 से ज्यादा गाड़ियों का होगा इस्तेमाल, रणधीर वर्मा स्टेडियम बनेगा कंट्रोल सेंटर


