Dhanbad : धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने परिवहन व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव कार्य के लिए 850 से अधिक वाहनों की तैनाती की जाएगी। इन वाहनों के दैनिक किराए का निर्धारण वाहन कोषांग द्वारा किया जाएगा। चुनाव ड्यूटी में लगाए जाने वाले सभी वाहन 21 और 22 फरवरी को रणधीर वर्मा स्टेडियम में जमा किए जाएंगे।
जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा स्कूल प्रबंधन, वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही विभिन्न संगठनों के साथ लगातार बैठकें भी की जा रही हैं। हाल ही में शिक्षित बेरोजगार स्कूल वैन संचालन एसोसिएशन के साथ हुई बैठक में जिला स्कूल वैन एसोसिएशन के अध्यक्ष रामायण सिंह ने चुनाव कार्य में सहयोग का भरोसा दिलाया है।
रणधीर वर्मा स्टेडियम में बनेगा वाहन कोषांग
चुनाव के दौरान बस, मिनी बस, कार, जीप, ट्रक, ऑटो, टेंपो, बाइक, साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा। वाहनों की साइनिंग और सत्यापन के लिए रणधीर वर्मा स्टेडियम में वाहन कोषांग कार्यालय बनाया गया है, जो शुक्रवार से काम करना शुरू करेगा। यहीं से मतदान कर्मियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और अन्य चुनावी कर्मचारियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। इन वाहनों का उपयोग ईवीएम और अन्य चुनावी सामग्री के सुरक्षित परिवहन में भी किया जाएगा।
बसों का किराया सीट क्षमता के अनुसार
यात्री बसों का किराया उनकी सीट क्षमता के आधार पर तय किया गया है। 49 या उससे अधिक सीटों वाली बस के लिए 3,530 रुपये, 33 से 48 सीटों वाली बस के लिए 2,980 रुपये और 23 से 32 सीटों वाली बस के लिए 2,520 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किए गए हैं।
14 से 22 सीटों वाली मिनी बस के लिए 1,800 रुपये और 8 से 13 सीटों वाली मिनी बस के लिए 800 से 1,400 रुपये प्रतिदिन तय किए गए हैं।
कार और अन्य हल्के वाहनों की दरें
एर्टिगा, सेंट्रो, इंडिका, विंगर और फोर्ड जैसे वाहनों के लिए एसी में 1,340 रुपये और बिना एसी में 1,170 रुपये प्रतिदिन दिए जाएंगे। इनोवा के लिए एसी में 1,520 रुपये और नॉन-एसी में 1,340 रुपये तय किया गया है। स्कार्पियो, टाटा सफारी, टवेरा, शेवरलेट, बीट और वरना जैसे वाहनों के लिए 1,470 रुपये प्रतिदिन का भुगतान होगा।
दोपहिया, तिपहिया और इलेक्ट्रिक वाहन भी शामिल
चुनाव कार्य में दोपहिया और तिपहिया वाहनों को भी शामिल किया गया है। ऑटो रिक्शा के लिए 620 रुपये, मोटरसाइकिल और स्कूटर के लिए 250 रुपये तथा साइकिल के लिए 50 रुपये प्रतिदिन तय किए गए हैं। इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों को भी प्राथमिकता दी गई है। इलेक्ट्रिक कारों के लिए एसी में 1,470 रुपये और नॉन-एसी में 1,280 रुपये प्रतिदिन दिए जाएंगे। वहीं इलेक्ट्रिक ऑटो को 620 रुपये और ई-रिक्शा व ई-कार्ट को 400 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जाएगा।
Also Read : नगर निकाय चुनाव : नामांकन जांच के बाद 424 आवेदन रद्द, 6,555 प्रत्याशी मैदान में

