Johar Live Desk : राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला में विभिन्न 28 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इन पदों में सहायक निदेशक डीएनए डिवीजन के आठ पद, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डीएनए डिवीजन के बारह पद, सेरोलॉजी डिवीजन के तीन पद और नारकोटिक्स डिवीजन के पांच पद शामिल हैं। आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया 29 दिसंबर 2025 से शुरू होगी और 27 जनवरी 2026 की रात 12 बजे तक चलेगी। आवेदन केवल ऑनलाइन किए जा सकेंगे और ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। परीक्षा की तारीख और केंद्रों की जानकारी बाद में जारी की जाएगी। शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और वर्गवार रिक्तियों की पूरी जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
इसके अलावा, आयोग ने संरक्षण अधिकारी (महिला एवं बाल विकास विभाग) के 12 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 24 दिसंबर से शुरू की है और अंतिम तारीख 22 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। फैक्ट्री और बॉयलर्स निरीक्षण विभाग में निरीक्षक कारखाना एवं बॉयलर्स के 12 पद और निरीक्षक कारखाना (रसायन) के 1 पद पर भी आवेदन जारी हैं, जिनकी अंतिम तारीख 12 जनवरी 2026 है। सभी पदों के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आवश्यक दस्तावेजों और शैक्षणिक योग्यता की जांच कर लेनी चाहिए।
Also Read : ईएसआईसी को 50 सीट वाले मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई की अनुमति नहीं मिली


