जोहार लाइव ब्यूरो
छात्रों के लिए खुशखबरी है.
झारखंड कर्मचारी आयोग (जेएसएससी) झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा में सिलेबस से बाहर प्रश्न आने, प्रश्नपत्र में त्रुटियां रहने और कठिन प्रश्न पूछे जाने के कारण संताली विषय की परीक्षा रद्द कर दी है.
परीक्षा के से ही अभ्यर्थियों की ओर से लगातार परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित कराने की मांग की जा रही थी. आयोग ने सोमवार को इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी है. परीक्षा रद्द होने के बाद अब संताली विषय के अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा का इंतजार करना होगा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने 510 पदों पर नियुक्ति के लिए उक्त विषय की परीक्षा 19 जुलाई 2026 को ली थी.
परीक्षा के बाद से ही संताली भाषा के प्रश्नपत्र को लेकर विवाद शुरू हो गया था. अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया था कि लगभग 40 प्रतिशत प्रश्न निर्धारित सिलेबस से बाहर थे. प्रश्न भी अस्पष्ट और गलत थे. अभ्यर्थियों का कहना था कि प्रश्नों का स्तर यूपीएससी और यूजीसी नेट की परीक्षाओं जैसा था. साथ ही, कई प्रश्नों और उत्तर के विकल्पों में भी त्रुटियां थीं.
अभ्यर्थियों ने संताली साहित्य, संस्कृति, लोकगाथाओं और साहित्यकारों से संबंधित प्रश्नों को लेकर आपत्ति जतायी थी. प्रश्नपत्र को लेकर विवाद बढ़ने के बाद अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री और आयोग के अधिकारियों तक अपनी शिकायत पहुंचायी. इसके बाद आयोग ने उक्त प्रश्नपत्र की समीक्षा विषय विशेषज्ञों से करायी. विषय विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने परीक्षा रद्द कर दी.
आयोग ने स्पष्ट किया है कि नयी परीक्षा की तिथि की सूचना अलग से दी जायेगी. संताली भाषा के अभ्यर्थियों को परीक्षाफल में शामिल होने के लिए संताली भाषा की पुनर्परीक्षा में भाग लेना अनिवार्य होगा.


