Ranchi : प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. आदित्य प्रसाद साहू का प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के 21 सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हुई। नामांकन का समय दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक तय था।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केवल प्रो. आदित्य प्रसाद साहू ने ही नामांकन दाखिल किया। किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया। सिंगल नामांकन होने के कारण उनका अध्यक्ष चुना जाना तय माना जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा 14 जनवरी को की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव के लिए पार्टी के प्रभारी और केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव सोमवार को ही रांची पहुंच गए थे। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व के फैसले की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दी। इसके बाद आम सहमति बनी और किसी अन्य नेता ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन नहीं किया।
गौरतलब है कि 2024 के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने बाबूलाल मरांडी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया था। इसके बाद संगठन की जिम्मेदारी निभाने के लिए रबींद्र कुमार राय की जगह प्रो. आदित्य प्रसाद साहू को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उसी समय यह संकेत मिल गया था कि जिलाध्यक्षों के चुनाव के बाद उन्हें ही प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाएगा।
पार्टी से जुड़े जानकारों का मानना है कि भाजपा ने झारखंड में प्रो. साहू को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर ओबीसी वर्ग को साधने की रणनीति अपनाई है और ओबीसी वोट बैंक को मजबूत करने की कोशिश की है। प्रदेश अध्यक्ष के अलावा झारखंड से राष्ट्रीय परिषद के 21 सदस्यों के लिए भी नामांकन दाखिल किए गए हैं। नियम के अनुसार प्रदेश से राष्ट्रीय परिषद में 21 निर्वाचित सदस्य होते हैं, जबकि प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी इसके सदस्य होते हैं।
Also Read : निपाह को लेकर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सख्त, सभी जिलों को किया अलर्ट

