Chaibasa : चक्रधरपुर शहर के रिटायर्ड कॉलोनी इलाके में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। यह आग एलआईसी बिल्डिंग के सामने स्थित फ्लैट के बनारसी पैलेस में लगी, जिससे दुकान में रखी लाखों रुपये की बनारसी साड़ियां, सूट और अन्य कपड़े जलकर खाक हो गए।

आग लगने के बाद एलआईसी बिल्डिंग में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठते देखा। इसके बाद लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
मिली जानकारी के अनुसार बनारसी पैलेस के मालिक तपन कुमार चक्रवर्ती हैं, जो चक्रधरपुर रेल मंडल में रेलवे गार्ड के पद पर कार्यरत हैं। पड़ोसियों के अनुसार, आग करीब साढ़े 11 बजे लगी। बताया गया कि दुकान के मालिक आज सुबह ही परिवार के साथ पिकनिक मनाने राजरप्पा गए हुए थे। घर पर केवल उनके बुजुर्ग माता-पिता और एक नौकरानी मौजूद थीं। सौभाग्य से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बनारसी पैलेस के पीछे वाले कमरे में ही परिवार का आवास है। घटना की जानकारी मिलते ही चक्रधरपुर थाना पुलिस और शहर के कई प्रतिष्ठित लोग भी मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने में जुटा हुआ है।
Also Read : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनेंगे प्रो. आदित्य प्रसाद साहू, 14 जनवरी को होगी घोषणा


