Chatra : चतरा में प्रसिद्ध ऐतिहासिक बलबल पशु मेला मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित किया जाएगा। प्रशासन और स्थानीय स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले का भव्य उद्घाटन मकर संक्रांति के दिन किया जाएगा। प्रत्येक वर्ष की तरह इस साल भी मेले में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
मकर संक्रांति के दिन सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु बलबल धाम पहुंचकर पवित्र गर्म जल कुंड में स्नान कर पूजा-अर्चना करेंगे। बलबल मेला केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं है, बल्कि यह पशु व्यापार और ग्रामीण संस्कृति का प्रमुख मंच भी माना जाता है। इस मेले में झारखंड के साथ-साथ बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा जैसे राज्यों से पशु व्यापारी पहुंच चुके हैं। मेले में गाय, बैल, भैंस, बकरी सहित अन्य पशुओं की खरीद-बिक्री होती है, जिससे किसानों और पशुपालकों को काफी लाभ होता है।
मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम
मेले में श्रद्धालुओं और आगंतुकों के मनोरंजन के लिए झूले, ब्रेक डांस, ड्रैगन ट्रेन जैसे खेल-तमाशे लगाए गए हैं। युवाओं और परिवारों के लिए सर्कस, जादू शो, मौत का कुआं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र होंगे। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्य और गीतों से मेले की रौनक और बढ़ गई है।
सुरक्षा और सुविधाएं
प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। मेला क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई है, साथ ही साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त की गई है।
स्वास्थ्य व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा शिविर भी लगाया गया है, ताकि किसी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता मिल सके। बलबल मेला वर्षों से सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का प्रतीक रहा है। प्रशासन और मेला समिति का मानना है कि इस वर्ष का बलबल मेला ऐतिहासिक और यादगार साबित होगा और यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देगा।
Also Read : शॉर्ट सर्किट से बनारसी पैलेस में भीषण आ’ग, लाखों की साड़ियां जलीं


