Jamshedpur : जमशेदपुर में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तोतों की अवैध तस्करी का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और 100 से अधिक तोते जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई रविवार शाम साकची गोलचक्कर के पास की गई। वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कोलकाता से अवैध रूप से तोते जमशेदपुर लाए जा रहे हैं और उन्हें साकची समेत आसपास के इलाकों में बेचने की योजना है।
सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने साकची गोलचक्कर के पास एक ऑटो को रोका। तलाशी के दौरान ऑटो में रखी एक पेटी से बड़ी संख्या में तोते बरामद किए गए। मौके से पकड़े गए दोनों आरोपी तोता तस्करी में सीधे तौर पर शामिल बताए जा रहे हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि कोलकाता से और भी तोते जमशेदपुर लाए गए हैं, जिन्हें अलग-अलग इलाकों में छिपाकर रखा गया है। इसके बाद वन विभाग की टीम आरोपियों को साथ लेकर अन्य स्थानों पर भी छापेमारी कर रही है।
डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि जब्त किए गए सभी तोते कोलकाता से लाए गए थे। उन्होंने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आगे और भी तोतों की बरामदगी हो सकती है। वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also Read : पलामू टाइगर रिज़र्व में IFS अधिकारियों का शैक्षणिक फील्ड भ्रमण

