झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं को लेकर बीजेपी ने एक बार फिर राज्य सरकार और कांग्रेस पर निशाना साधा है. शनिवार 5 सितंबर को दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने JPSC की जांच में सामने आए तथ्यों का हवाला देते हुए गंभीर आरोप लगाए.
सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट और फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर की परीक्षा के दौरान स्ट्रांग रूम को तोड़कर प्रश्नपत्र निकाले गए और उनमें बदलाव किया गया. उन्होंने कहा कि अगर जांच में सामने आए तथ्य सही हैं, तो यह महज पेपर लीक का मामला नहीं है, बल्कि ‘पेपर लूट’ का मामला है.
उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस घटना से यह साफ होता है कि परीक्षा के प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम की मजबूती और सुरक्षा व्यवस्था कितनी कमजोर थी.
जो सुधांशु त्रिवेदी कह रहे हैं, उसका खुलासा जोहार लाइव पहले ही कर चुका है
दरअसल, सुधांशु त्रिवेदी जिस मामले को ‘पेपर लूट’ बता रहे हैं, उसका खुलासा जोहार लाइव अपनी एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में पहले ही कर चुका है. जोहार लाइव ने एसीएफ और एफआरओ परीक्षा में स्ट्रांग रूम से उत्तर पुस्तिकाओं के बाहर निकलने, उनमें कथित तौर पर बाद में उत्तर भरने और फिर उन्हें वापस स्ट्रांग रूम में रखे जाने से जुड़े गंभीर आरोपों को सामने रखा था.
जोहार लाइव की रिपोर्ट में जांच के दौरान सामने आए कथित बयानों के आधार पर बताया गया था कि परीक्षा के बाद स्ट्रांग रूम में रखी उत्तर पुस्तिकाओं में से कुछ उत्तर पुस्तिकाएं बाहर निकालकर होटल और फ्लैटों में ले जाने और उनमें बाद में उत्तर भरने का खेल किया गया. इसके बाद इन उत्तर पुस्तिकाओं को वापस स्ट्रांग रूम में रखे जाने का आरोप सामने आया था.
यानी जिस परीक्षा व्यवस्था और स्ट्रांग रूम को लेकर अब सुधांशु त्रिवेदी सवाल उठा रहे हैं, उसकी कथित कमजोर कड़ी पर जोहार लाइव पहले ही अपनी एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के जरिए सवाल खड़े कर चुका है.
कांग्रेस के दावों की स्ट्रांगनेस नहीं दिखी
भाजपा नेता ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि छात्र हितों और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर किए जाने वाले दावों की वास्तविकता झारखंड में सामने आ रही घटनाओं से स्पष्ट हो रही है.
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि झारखंड में अब तक जो कुछ सामने आया है, उससे यह साफ है कि मामला सिर्फ पेपर लीक का नहीं, बल्कि पेपर लूट का है.
सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया. उन्होंने सवाल किया कि अगर झारखंड में इस तरह की घटनाएं हुई हैं, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है और इस लूट की छूट कौन दे रहा है, यह राहुल गांधी को बताना चाहिए.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की पार्टी के कई नेता और मंत्री सरकार में हैं, इसलिए उन्हें झारखंड में सामने आ रहे इन मामलों पर जवाब देना चाहिए.
Also Read : रेड बुल, स्टिंग और अमूल समेत 115 खाद्य उत्पाद जांच के घेरे में, देवघर के बाजार से स्टॉक हटाने का निर्देश


