Joharlive Desk : अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में पाकिस्तान की हवाई कार्रवाई ने कहर मचा दिया। वीडियो में देखा गया कि एक ड्रग रिहैबिलिटेशन अस्पताल पर हमले के बाद जोरदार धमाका हुआ और अस्पताल से आग की लपटें उठीं। धुएं का गुबार आसमान तक पहुंचता दिखा। सुरक्षा बल और दमकलकर्मी टॉर्च की रोशनी में घायल और मृतकों को बाहर निकालते हुए संघर्ष करते दिखाई दिए।
मृतकों और घायलों की संख्या
अफगान तालिबान के प्रवक्ता के अनुसार, इस हमले में 400 लोग मारे गए और 250 घायल हुए। अफगान सरकार का कहना है कि यह अब तक का सबसे घातक हमला है। हमला स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 9 बजे 2,000 बिस्तरों वाले अस्पताल पर हुआ।

अफगान सरकार की प्रतिक्रिया
अफगान सरकार ने पाकिस्तान पर नागरिक ठिकानों और अस्पतालों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। अफगान प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी कड़ी निंदा की।
पाकिस्तान का बयान
पाकिस्तान ने इन आरोपों का खंडन किया। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ जैदी ने कहा कि काबुल के किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया। वहीं सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि हवाई हमले केवल काबुल और नंगरहार प्रांत में सैन्य ठिकानों को लक्षित कर किए गए।
स्थिति और संकट
अस्पताल पर हुए हमले ने अफगान नागरिकों में भय और तनाव बढ़ा दिया है। घायलों और मृतकों की संख्या को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय संगठनों और मानवाधिकार समूहों ने भी इस हमले की निंदा की है। स्थानीय लोग सुरक्षित ठिकानों की तलाश में भाग रहे हैं, जबकि राहत और बचाव कार्य जारी हैं।


