Patna : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एनडीए सरकार बनने के बाद पहली बार दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद रहेंगे।
रविवार को दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री की अगवानी की। इसके बाद उनके आवास पर जदयू के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उनसे मिलने पहुंचे।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच होने वाली बैठक में केंद्र और बिहार सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करने पर चर्चा होगी। इसमें बिहार के विकास कार्यों, आगामी योजनाओं, केंद्र की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और राज्य के लिए बकाया राशि जैसे मुद्दे शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार से जुड़े विषयों पर भी बातचीत की संभावना है।
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपना नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी कराएंगे। सभी बैठकों के बाद वह सोमवार शाम को पटना लौट सकते हैं।
इधर, दिल्ली में बैठकों के बीच केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के बयान से एनडीए की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मांझी ने कहा है कि अगर उन्हें राज्यसभा नहीं मिली तो वह केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे।


