Hazaribagh : गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में राज्य योजना के तहत पुलिस विभाग की 15 कार्य योजनाओं के लिए कुल 34 करोड़ 75 लाख 38 हजार 850 रुपये की स्वीकृति दी है। इस राशि से राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस भवन, बैरक और अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा।
हजारीबाग पुलिस केंद्र में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से वायरलेस भवन बनाया जाएगा। वहीं दुमका पुलिस लाइन में 1.95 करोड़ रुपये से मैग्जीन भवन का निर्माण होगा। पलामू स्थित जैप-8 में 100 बेड का बैरक बनाया जाएगा, जिसके लिए 3.99 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
बोकारो के जैप-4 में भी 100 बेड का बैरक बनाया जाएगा, जिस पर 4.11 करोड़ रुपये खर्च होंगे। धनबाद में साइबर सेल और टेक्निकल सेल भवन के निर्माण के लिए 2.71 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसके अलावा धनबाद के जैप-3 में जी प्लस थ्री 12 एलएस क्वार्टर बनाए जाएंगे, जिन पर 3.40 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पूर्वी सिंहभूम में महिला पुलिस भवन के निर्माण के लिए 2.97 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। वहीं नेतरहाट स्थित जंगल वारफेयर स्कूल में 100 बेड का बैरक बनाया जाएगा। पूर्वी सिंहभूम में परेड और ड्रिल ग्राउंड के लिए 1.90 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
इसके साथ ही बोकारो के जैप-4 में मैग्जीन भवन के लिए 1.49 करोड़ रुपये, जबकि पलामू के जैप-8 में किचन और डाइनिंग हॉल के निर्माण के लिए 1.10 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
इन योजनाओं से पुलिस विभाग की सुविधाओं और कार्यक्षमता में सुधार होने की उम्मीद है।


