Johar Live Desk : शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई और शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स दोहरे शतक की तेजी के साथ खुला। खबर लिखे जाने तक बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 476 अंकों की बढ़त के साथ 85,405 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं एनएसई का निफ्टी 50 भी 165 अंकों की तेजी के साथ 26,132 पर कारोबार कर रहा है।
शुरुआती सत्र में सेंसेक्स 216 अंक चढ़कर 85,145 पर खुला था, जबकि निफ्टी ने 89 अंकों की मजबूती के साथ 26,056 के स्तर से कारोबार की शुरुआत की।
वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों का असर घरेलू बाजार पर साफ नजर आया। एशियाई शेयर बाजारों में तेजी रही, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा। गिफ्ट निफ्टी ने भी मजबूत शुरुआत के संकेत दिए और यह करीब 26,170 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा।
एशियाई बाजारों की बात करें तो जापान के बाहर एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के एमएससीआई इंडेक्स में बढ़त दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया के बाजार में एआई से जुड़ी कंपनियों में खरीदारी देखी गई। वहीं जापान और ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाजार भी हरे निशान में रहे। हालांकि यूरोपीय बाजारों के फ्यूचर्स में हल्की गिरावट देखी गई।
अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट में भी शुक्रवार को मजबूती रही। एसएंडपी 500, डॉऊ जोन्स और नैस्डैक तीनों इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए। टेक शेयरों में खासतौर पर अच्छी खरीदारी देखने को मिली।
इस बीच टेक कंपनी ओरेकल के शेयरों में भी उछाल आया। कंपनी ने टिकटॉक यूएस के लिए नए संयुक्त उद्यम की घोषणा की, जिसके बाद उसके शेयरों में तेजी दर्ज की गई।
कुल मिलाकर, वैश्विक संकेतों और निवेशकों के सकारात्मक रुख के चलते भारतीय शेयर बाजार में आज रौनक बनी हुई है।


