Patna : बीजेपी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का 23 दिसंबर को पटना में रोड शो प्रस्तावित है। इसको लेकर पटना पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। रोड शो के दौरान कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों का रूट बदला रहेगा और कुछ जगहों पर पार्किंग पर रोक लगाई गई है।
एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था
जिला परिवहन कार्यालय से दक्षिण की ओर आने वाले सभी वाहन टमटम पड़ाव होते हुए फुलवारीशरीफ की ओर जाएंगे। वहीं उत्तर दिशा से आने वाले वाहन जगदेव पथ के रास्ते निकलेंगे। पटेल गोलंबर से एयरपोर्ट तक किसी भी प्रकार की वाहन पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। एयरपोर्ट पर यात्रियों को लेने आने वाले कार्यकर्ता अपनी गाड़ियां बाहरी पार्किंग में ही खड़ी करेंगे। जगदेव पथ पर भी पार्किंग पूरी तरह बंद रहेगी।
बेली रोड (नेहरू पथ) पर बदला रूट
सगुना मोड़ या दानापुर से पूरब की ओर आने वाले वाहन दक्षिण की ओर जगदेव पथ होते हुए फुलवारीशरीफ जाएंगे। वहीं इसी मार्ग से आने वाले कुछ वाहन उत्तर दिशा में आशियाना-दीघा रोड होकर दीघा, कुर्जी और राजापुर पुल के रास्ते आगे बढ़ेंगे।
अन्य प्रमुख मार्गों पर बदलाव
कंकड़बाग और पटना जंक्शन की ओर से पश्चिम जाने वाले वाहन जीपीओ आरओबी, आर ब्लॉक और गर्दनीबाग होते हुए अनिसाबाद गोलंबर की ओर जा सकेंगे। डाकबंगला से पश्चिम की ओर जाने वाले वाहन बुद्धमार्ग या कोतवाली होते हुए वैकल्पिक रास्तों से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वीरचंद पटेल पथ पर आर ब्लॉक गोलंबर से गोलंबर तक दोनों ओर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
पार्किंग की व्यवस्था
रोड शो में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं और आम लोगों के छोटे वाहनों की पार्किंग जीपीओ गोलंबर से आर ब्लॉक तक तय की गई है। बड़ी गाड़ियों और बसों की पार्किंग अटल पथ पर एक लेन में होगी।
Also Read : शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी, सेंसेक्स 476 अंक उछला


