जोहार लाइव ब्यूरो
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की मुनीडीह कोलियरी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट कार्यक्षमता और बेहतर प्रदर्शन का परिचय दिया है. बीसीसीएल के वेस्टर्न झरिया क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मुनीडीह कोलियरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. यह पुरस्कार उसे भूमिगत खदानों के राष्ट्रीय स्टार रेटिंग मूल्यांकन में 92 प्रतिशत अंक हासिल करने पर मिला है.
सोमवार 2 नवंबर को छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह ‘खनिक शौर्य श्रमाय समर्पितम्’ में यह सम्मान प्रदान किया गया. समारोह के मुख्य अतिथि माननीय केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे ने BCCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) श्री मनोज कुमार अग्रवाल तथा वेस्टर्न झरिया क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री वी. विजय कुमार को पुरस्कार सौंपा.
सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल के मुताबिक मुनीडीह कोलियरी को मिला यह 5-स्टार सम्मान केवल एक संस्थागत उपलब्धि नहीं, बल्कि यहां कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और खदान श्रमिकों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और कठिन परिश्रम का परिणाम है. भूमिगत खनन जैसे चुनौतीपूर्ण कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 92 प्रतिशत अंक हासिल करना कोलियरी की कार्यक्षमता और टीम भावना को दर्शाता है.
उन्होंने कहा, इस उपलब्धि से BCCL के वेस्टर्न झरिया क्षेत्र का गौरव बढ़ा है. साथ ही कंपनी के उन अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साह भी बढ़ा है, जो खनन कार्यों को बेहतर, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं.
इस अवसर पर कोयला मंत्रालय के अपर सचिव श्री सनोज कुमार झा, मंत्रालय के कोयला नियंत्रक संगठन के कोयला नियंत्रक सतीश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। समारोह में देश की विभिन्न कोयला खदानों के प्रदर्शन, सुरक्षा व्यवस्था, उत्पादन संबंधी कार्यप्रणाली और खनन क्षेत्र में अपनाई जा रही बेहतर व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों को सम्मानित किया गया.


