Patna : शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन के लिए नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत शहर को चार जोन और 20 रूट में बांटा गया है। कुल 4,800 ऑटो और ई-रिक्शा तय नियमों के तहत चलेंगे। जनवरी 2026 से इन नियमों का पालन अनिवार्य होगा, उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हर वाहन में लगेगा QR कोड
अब सभी ऑटो और ई-रिक्शा में QR कोड लगाना जरूरी होगा। इस QR कोड को स्कैन करने पर चालक का नाम, वाहन नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस और निर्धारित रूट की पूरी जानकारी मिल जाएगी। परिवहन विभाग ने QR कोड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीटीओ कुमार सत्येंद्र यादव ने बताया कि यह व्यवस्था सभी वाहनों पर लागू होगी।
चार जोन और कलर कोडिंग व्यवस्था
शहर में 4,800 ऑटो और ई-रिक्शा को संचालन की अनुमति दी गई है। इनमें 4,200 वाहन तय रूट पर चलेंगे, जबकि 600 ऑटो रिजर्व या फ्री जोन में रहेंगे।
- जोन-1 (5 रूट) : ऑरेंज रंग
- जोन-2 (7 रूट) : पर्पल रंग
- जोन-3 (6 रूट) : लाइट रेड रंग
- जोन-4 (फ्री/रिजर्व जोन) : लाइट ब्राउन या व्हाइट रंग
रिजर्व ऑटो के लिए अलग नंबर जारी किए जाएंगे और प्रमुख चौक-चौराहों पर इनके ठहराव की व्यवस्था होगी। यात्रियों को फोन के जरिए ऑटो बुक करने की सुविधा भी मिलेगी।
ग्रामीण ऑटो पर रोक
शहर में ग्रामीण ऑटो के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। हालांकि, इमरजेंसी में मरीज ले जाने वाले ऑटो को छूट दी जाएगी। इसके लिए शहर के प्रमुख प्रवेश बिंदु तय किए गए हैं।
यातायात और सुरक्षा में होगा सुधार
नई व्यवस्था से ट्रैफिक पुलिस को रूट नियंत्रण में मदद मिलेगी और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिलेगा। जिला प्रशासन का कहना है कि जनवरी 2026 से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कदम शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
Also Read : सोना-चांदी के दाम स्थिर, खरीदारी से पहले जान लें ताजा रेट


