कुख्यात मानव तस्कर पन्नालाल की पत्नी को एनआईए ने घोषित किया वांटेड, झारखंड के सबसे बड़े मानव तस्करों में चिन्हित है पन्नालाल

Joharlive Team

रांची। झारखंड के कुख्यात मानव तस्कर पन्नालाल की पत्नी सुनीता देवी को एनआईए ने मोस्ट वांटेड घोषित कर दिया है। एनआईए ने अपने वेबसाइट पर पन्नालाल की पत्नी का फ़ोटो भी जारी किया है। मानव तस्कर पन्नालाल के खिलाफ एनआईए ने चार मार्च 2020 को मामला दर्ज किया था। केस के अनुसंधान में पन्नालाल की पत्नी सुनीता देवी व भाई शिवशंकर को एनआईए ने मददगार के तौर पर चिन्हित किया था। साथ ही मानव तस्करी कर लड़कियों को प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए बेचने में अहम भूमिका पायी थी। 3 फरवरी को एनआईए ने खूंटी से इस मामले में शिवशंकर को गिरफ्तार किया था। शिवशंकर को चार दिन तक हिरासत में लेकर एनआईए ने पूछताछ भी की थी। जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था।
कैसे करते थे मानवतस्करी का धंधा
एनआईए की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि पन्नालाल व उसकी पत्नी सुनीता देवी मानव तस्करी का बड़े रैकेट का संचालन कर रही थे। इसके लिए दिल्ली के तीन प्लेसमेंट एजेंसियों की मदद ली जा रही थी। एनआईए की जांच रिपोर्ट के मुताबिक, यहां से गरीब लड़के – लड़कियों को रोजगार के बहाने दिल्ली ले जाया जाता था। इसके बाद उन्हें दिल्ली व आसपास के शहरों में काम पर लगाया जाता था, जहां सभी का शोषण होता था। काम के बदले किसी को पैसे भी नहीं मिलते थे। पन्नालाल का भाई शिवशंकर भी दो प्लेसमेंट एजेंसियों मेसर्स लक्ष्मी प्लसमेंट सर्विस और बिरसा सेक्यूरिटी एंड प्लेसमेंट का संचालक था।
कैसे जांच के दायरे में आया पन्नालाल का पूरा परिवार
पन्नालाल को खूंटी पुलिस ने 19 जुलाई 2019 को गिरफ्तार किया था। तब वहां के एएचटीयू थाने में इससे संबंधित एफआईआर दर्ज की गई थी। बाद में एनआईए ने इस केस का अनुसंधान टेकओवर किया था।