Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर के लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। पताही एयरपोर्ट को लेकर लंबे समय से चल रही मांग अब पूरी होती दिख रही है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने रनवे के विकास और मजबूतीकरण के लिए करीब 43 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। सालों से यहां के लोग इंतजार कर रहे थे कि कब उनके शहर से भी नियमित हवाई सेवा शुरू होगी। अब लगता है कि वह दिन ज्यादा दूर नहीं है।
रनवे का होगा कायाकल्प
इस टेंडर के तहत रनवे को अपग्रेड किया जाएगा। यानी उसकी मजबूती बढ़ाई जाएगी, तकनीकी खामियां दूर की जाएंगी और उसे आधुनिक मानकों के मुताबिक तैयार किया जाएगा।विशेषज्ञों का मानना है कि एयरपोर्ट को चालू करने में सबसे बड़ी बाधा रनवे की हालत ही थी। अब जब उस पर काम शुरू होगा, तो विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेक-ऑफ का रास्ता साफ हो जाएगा।
उत्तर बिहार को मिलेगी सीधी उड़ान
मुजफ्फरपुर उत्तर बिहार का बड़ा व्यापारिक केंद्र है। यहां की लीची देश-विदेश में मशहूर है, इसलिए इसे ‘लीची की राजधानी’ भी कहा जाता है। एयरपोर्ट चालू होने से लीची के निर्यात को सीधा फायदा मिलेगा। इसके अलावा कपड़ा उद्योग और अन्य कारोबारियों को भी अपने सामान को बड़े बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। सीतामढ़ी, शिवहर जैसे आसपास के जिलों के लोगों को भी पटना या दरभंगा जाने की जरूरत कम पड़ेगी।
व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
स्थानीय व्यापारियों और सामाजिक संगठनों में इस खबर से काफी उत्साह है। उनका मानना है कि हवाई सेवा शुरू होने से शहर में निवेश बढ़ेगा। पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और होटल, ट्रांसपोर्ट, छोटे व्यवसाय जैसे कई क्षेत्रों में नई संभावनाएं खुलेंगी।
रोजगार के खुलेंगे नए रास्ते
लोगों को उम्मीद है कि एयरपोर्ट के शुरू होने से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। निर्माण कार्य से लेकर सुरक्षा, ग्राउंड स्टाफ, ट्रांसपोर्ट और सर्विस सेक्टर तक कई लोगों को काम मिलेगा।
Also Read : 25 से अधिक बच्चों की अचानक बिगड़ी तबीयत, मेले में खाया था गोलगप्पा

