Palamu : पलामू में महाशिवरात्रि के मेले में गोलगप्पा खाना बच्चों को भारी पड़ गया। गोलगप्पा खाने के बाद 25 से ज्यादा बच्चे बीमार हो गए हैं। सभी बच्चों में उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन की शिकायत बताई जा रही है। हालांकि फिलहाल अधिकतर बच्चों का इलाज गांव में ही कराया जा रहा है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है। एंबुलेंस भी भेजी गई है ताकि जरूरत पड़ने पर बच्चों को अस्पताल पहुंचाया जा सके।
महाशिवरात्रि मेले के बाद बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका स्थित रघुआखाड़ में महाशिवरात्रि के मौके पर मेला लगा था। मेले में बच्चों ने गोलगप्पे खाए थे। बीती रात से ही एक-एक कर बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। किसी को उल्टी हुई, तो किसी को दस्त की शिकायत शुरू हो गई। सोमवार सुबह तक कई बच्चों की हालत और खराब हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने दी स्वास्थ्य विभाग को सूचना
गांव वालों ने तुरंत पांकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। मेडिकल टीम को गांव भेजा गया और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचाई गई।
अभिभावकों की चिंता बढ़ी
द्वारिका निवासी ध्रुव कुमार गुप्ता ने मीडिया को बताया कि उनके बेटे ने भी मेले में गोलगप्पा खाया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। फिलहाल गांव में ही इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ उनका बेटा ही नहीं, बल्कि गांव के कई और बच्चे भी बीमार पड़े हैं। उनके मुताबिक, एक दर्जन से ज्यादा बच्चे गंभीर रूप से प्रभावित हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच
पांकी के चिकित्सा प्रभारी महेंद्र प्रसाद ने बताया कि कई बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में भेजी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही, जरूरत पड़ने पर बच्चों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा जाएगा।
जांच के बाद साफ होगी वजह
फिलहाल शुरुआती अंदेशा है कि मेले में खाए गए गोलगप्पों की वजह से फूड पॉइजनिंग जैसी स्थिति बनी है। हालांकि, असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।
Also Read : महुआ पेड़ से लटका मिला युवक का श’व, पुलिस जुटी जांच में

