Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिला के शासन गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 20 वर्षीय युवक का शव घर के पास महुआ के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान अनिल सिंह मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। परिजनों ने बताया कि अनिल रविवार रात करीब 10 बजे घर लौटा था। उसने परिवार के साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद सभी लोग सोने चले गए। रात में क्या हुआ, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। सोमवार सुबह जब घर के लोगों की नजर बाहर महुआ के पेड़ पर पड़ी तो अनिल का शव लटका हुआ दिखा। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
दो भाइयों के साथ रहता था
ग्रामीणों ने बताया कि अनिल अपने दो भाइयों के साथ शासन गांव में किराये के मकान में रहता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि अभी तक घटना के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। वे किसी भी तरह की आशंका या कारण बताने की स्थिति में नहीं हैं।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।
Also Read : EC का बड़ा एक्शन: SIR में चूक पर पश्चिम बंगाल के 7 अधिकारी सस्पेंड


