Ranchi : रांची नगर निगम मेयर पद की उम्मीदवार रौशनी खलखो पर आदर्श चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। उनके नामांकन के दौरान धार्मिक प्रतीकों और नारों के इस्तेमाल को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के अनुसार 4 फरवरी को रौशनी खलखो ने नामांकन दाखिल करते समय समर्थकों के साथ जुलूस और रैली निकाली। आरोप है कि इस दौरान कमिश्नरी गेट के पास भगवा झंडे का प्रयोग किया गया और धार्मिक नारे लगाए गए, जो चुनावी नियमों के खिलाफ है।

मामले को लेकर मेयर प्रत्याशी रौशन तिर्की और सुजीत कुमार कुजूर सहित अन्य ने आयोग को पत्र भेजकर कहा है कि आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू रहने के बावजूद इस तरह की गतिविधियां की गईं, जिससे नियमों का प्रत्यक्ष उल्लंघन हुआ है। शिकायत में मांग की गई है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए और नियमों के अनुसार उम्मीदवार के नामांकन पर निर्णय लिया जाए। फिलहाल इस मामले में राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आयोग के फैसले पर आगे की चुनावी प्रक्रिया और सियासी माहौल निर्भर करेगा।
Also Read : झारखंड कैबिनेट में 27 प्रस्तावों पर लगी मुहर, सीएम हेमंत क्या बता गये… देखें


