झारखंड के टीबी मरीजों को बड़ी राहत, रिम्स में शुरू हुई 2.30 करोड़ की अत्याधुनिक BSL-III लैब

रांची। झारखंड के टीबी मरीजों को अब महत्वपूर्ण जांच के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. रांची स्थित रिम्स में शुक्रवार को 2.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक BSL-III माइक्रोबायोलॉजी लैब का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और कांके विधायक सुरेश बैठा ने किया. इसके साथ ही OPD-IPD भवन के नवीनीकरण एवं विस्तार कार्य का शिलान्यास भी किया गया.

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के तहत बनी इस लैब में टीबी बैक्टीरिया की कल्चर जांच (Mycobacterial Culture) और दवा संवेदनशीलता परीक्षण (DST) की सुविधा मिलेगी. इससे पता चलेगा कि टीबी का बैक्टीरिया किन दवाओं के प्रति संवेदनशील है और किनके प्रति प्रतिरोधी. विशेष रूप से MDR-TB और ड्रग रेजिस्टेंट टीबी के मरीजों के इलाज में इससे मदद मिलेगी. परियोजना की राशि केंद्रीय क्षय रोग प्रभाग (CTD) ने उपलब्ध कराई है.

संक्रमण से सुरक्षा के आधुनिक इंतजाम

BSL-III लैब में नेगेटिव एयर प्रेशर, यूनिडायरेक्शनल एयर फ्लो और HEPA फिल्ट्रेशन जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं. इनका उद्देश्य संक्रामक सूक्ष्मजीवों के प्रसार का जोखिम कम करना और लैब में काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.

रिम्स के OPD-IPD भवन का नवीनीकरण और विस्तार मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए किया जाएगा. इसके तहत मरीजों के लिए बेहतर उपचार व्यवस्था, व्यवस्थित आवागमन और आधुनिक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी. भवन को राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना है. इसे दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

रिम्स को विश्वस्तरीय संस्थान बनाना लक्ष्य

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वह स्वयं डॉक्टर हैं और गरीब मरीजों की परेशानियों को करीब से समझते हैं. उनका प्रयास है कि झारखंड के मरीजों को गंभीर बीमारियों की जांच और बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े. रिम्स में प्रतिदिन हजारों मरीज आते हैं, इसलिए इसे आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस करना प्राथमिकता है.

उन्होंने कहा कि रिम्स को डिजिटल हेल्थ, आधुनिक डायग्नोस्टिक्स और भविष्य में रोबोटिक्स जैसी तकनीकों से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है. जल्द ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रिम्स का भ्रमण करेंगे और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. उनका लक्ष्य रिम्स को देश और दुनिया में अलग पहचान दिलाना है.

वहीं, कांके विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि रिम्स झारखंडवासियों का गौरव है. स्वास्थ्य मंत्री स्वयं चिकित्सक हैं और मरीजों की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझते हैं. नई जांच सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी.

इसके अलावा रिम्स निदेशक डॉ. दीपेंद्र सिन्हा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के प्रयासों से संस्थान में आधुनिक तकनीक, डिजिटल हेल्थ, AI और रोबोटिक्स जैसी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में काम हो रहा है. वहीं, अधीक्षक डॉ. हरेंद्र बिरुवा ने कहा कि नई लैब से टीबी मरीजों को महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं मिलेंगी.

कार्यक्रम में राजीव कुमार मिश्रा, शैलेश त्रिपाठी, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. प्रदीप भट्टाचार्य, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, वरिष्ठ चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे.

Also Read : छात्रवृत्ति भुगतान में देरी पर कल्याण मंत्री चमरा लिण्डा नाराज, सभी जिलों को तेजी लाने का निर्देश

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!