Latehar : लातेहार जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर शुक्रवार को एसपी कुमार गौरव की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में बीते माह जिले में घटित सभी महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान एसपी ने अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में हत्या, लूट, दुष्कर्म और पोक्सो जैसे गंभीर मामलों की विशेष रूप से समीक्षा की गई। इन मामलों में अब तक हुई गिरफ्तारी, अपराधियों के उद्भेदन और जांच की प्रगति की जानकारी ली गई। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि गंभीर अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

अपराध गोष्ठी में लंबे समय से लंबित कांडों के निष्पादन पर भी जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे। इसके अलावा पासपोर्ट सत्यापन, चरित्र सत्यापन और ई-डीएआर (eDAR) एंट्री की भी विस्तृत समीक्षा की गई। आम लोगों से जुड़े इन कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम करने का निर्देश दिया गया। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों के रिकॉर्ड अपडेट रखने और ई-डीएआर एंट्री समय पर करने पर भी जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि तकनीकी प्रक्रियाओं में लापरवाही से जांच और राहत कार्य प्रभावित हो सकते हैं। मासिक अपराध गोष्ठी में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में एसपी कुमार गौरव ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय निगरानी रखते हुए अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने का निर्देश दिया।
Also Read : पलामू में दर्दनाक हादसा : जर्जर दीवार ढही, युवक और मजदूर की मौ’त


