Palamu : पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ गेरूआ गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में जर्जर कच्चे मकान की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में घर मालिक का बेटा और मरम्मत कार्य में लगा एक मजदूर शामिल हैं। मृतकों की पहचान प्रदीप उर्फ गटौरी बैठा के 20 वर्षीय पुत्र सतीश बैठा और 60 वर्षीय मजदूर दुखी भुइयां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पुराने मकान की मरम्मत का काम चल रहा था, जिसके लिए कुछ मजदूर लगाए गए थे। मकान की खपड़ा छत पहले ही हटाई जा चुकी थी। हाल की बारिश के कारण मिट्टी की दीवार काफी कमजोर हो गई थी। सतीश भी मजदूरों के साथ मरम्मत कार्य में हाथ बंटा रहा था।
ग्रामीणों के मुताबिक, दोपहर करीब एक बजे काम के दौरान सतीश और दुखी भुइयां दीवार के पास बैठकर पानी पी रहे थे। तभी अचानक जर्जर कच्ची दीवार ढह गई और दोनों उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद मजदूरों और परिजनों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। दुखी भुइयां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में सतीश को इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, परिजन सतीश के शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही उसे घर ले गए।
Also Read : जमशेदपुर में वाहन चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद


