जोहार लाइव ब्यूरो
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई ‘बाप’ वाली टिप्पणी पर सियासी विवाद तेज हो गया है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बयान के विरोध में सोमवार यानि की आज देशभर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी और एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं ने खरगे की टिप्पणी की निंदा करते हुए कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की है.
मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा उठाया था. उन्होंने कहा था कि SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों को कांग्रेस जेल भेजेगी.
इसी दौरान कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि जब तक विद्रोह नहीं होगा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इस पर खरगे ने जवाब देते हुए कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा.’ उनके इस बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया और इसे प्रधानमंत्री के प्रति अपमानजनक टिप्पणी बताया.
प्रधानमंत्री पर की गई अभद्रपूर्ण टिप्पणी को लेकर बीजेपी ने रविवार को पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बीजेपी कार्यकर्ता कृष्ण कुमार सिंह ने रविवार शाम कोतवाली थाने में शिकायत दी. शिकायतकर्ता ने खरगे से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने की मांग की है. हालांकि, मामला गांधी मैदान थाना क्षेत्र के अधिकार क्षेत्र में आने के कारण शिकायत को वहां स्थानांतरित किया जाएगा.
अमित शाह ने कहा, सारी मर्यादाएं तार-तार हुईं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खरगे के बयान की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी कर राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है. शाह ने कहा कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री और उनके परिवार को निशाना बनाती रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस राजनीतिक मुद्दों पर बहस करने के बजाय अभद्र भाषा का सहारा ले रही है. शाह के मुताबिक, चुनावी हार से उपजी निराशा कांग्रेस नेताओं के बयानों में दिखाई दे रही है.
वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने खरगे की टिप्पणी को कांग्रेस के वैचारिक दिवालियेपन का उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध की भी एक मर्यादा होती है और सार्वजनिक मंच से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल दुर्भाग्यपूर्ण है. बीजेपी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी कांग्रेस पर निशाना साधा है. पार्टी ने आरोप लगाया कि खरगे की टिप्पणी राजनीतिक संवाद की गरिमा के खिलाफ है.
सम्राट चौधरी और जेपी नड्डा ने मांगी माफी
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी खरगे के बयान की निंदा करते हुए कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पिता के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है. चौधरी ने खरगे के साथ राहुल गांधी से भी माफी मांगने को कहा.
वहीं, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से निराश कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार को निशाना बना रही है. बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी टिप्पणी को शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से माफी की मांग की.
चिराग पासवान,जीतन राम मांझी और मनोज तिवारी ने भी की निंदा
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने खरगे के बयान को अफसोसजनक बताया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और पद की गरिमा बनाए रखना जरूरी है.
वहीं, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री के बारे में बोलते समय राजनीतिक दलों को मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए. जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने भी खरगे की टिप्पणी की निंदा की.
मनोज तिवारी कहते हैं, “…बिहार के लोगों को अपनी संस्कृति और मूल्यों पर गर्व है. फिर भी, इसी बिहार में आकर, वे देश के प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता का अपमान करने का काम करते हैं। यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है.”

