Ranchi : ग्वालियर में आयोजित 69वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन झारखंड के लिए ऐतिहासिक सफलता दर्ज की गई। झारखंड के होनहार खिलाड़ी रुद्रांश शर्मा ने अंडर 14 इनलाइन बालक वर्ग की रोड रेस वन लैप प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। इस रोमांचक मुकाबले में रुद्रांश शर्मा ने राजस्थान, तेलंगाना और दिल्ली जैसे मजबूत राज्यों के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस जीत से झारखंड ने स्कूली राष्ट्रीय खेलों में एक नई पहचान बनाई है और राज्य के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
इस उपलब्धि पर रोलर स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड से जुड़े पदाधिकारियों और कोचों ने रुद्रांश को बधाई दी है। संघ के अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि इस स्वर्ण पदक से रोलर स्केटिंग को झारखंड में नई दिशा मिल रही है। उन्होंने बताया कि रोलर स्केटिंग आज तेजी से उभरता हुआ खेल बन रहा है और झारखंड के खिलाड़ी हर स्तर पर लगातार पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।

संघ के सचिव सुमित शर्मा, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता और संरक्षक फादर अजीत खेस, अभिषेक राठौर सहित सभी कोच राजेश कुमार राम, शिवकुमार महतो, अभिषेक कुमार, योगेश कुमार और हेमा टोप्पो ने भी रुद्रांश की सफलता पर खुशी जताई। सभी ने आशा व्यक्त की कि रुद्रांश शर्मा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर झारखंड और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे। ग्वालियर में चल रही इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों का उत्साह और आत्मविश्वास देखने लायक है। रुद्रांश शर्मा की यह जीत आने वाले दिनों में राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
Also Read : अदाणी फाउंडेशन की निःशुल्क एंबुलेंस बड़कागांव में बनी जीवन रक्षक

