झारखंड पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की सहायता से राज्यभर में खोए और गुम हुए 1,114 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस कर दिए हैं. पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शुक्रवार, 25 सितंबर को सभी जिलों में विशेष अभियान चलाकर ये फोन उनके धारकों को सौंपे गए, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी.
कोडरमा में सबसे ज्यादा 177 मोबाइल लौटाए गए
जिलेवार आंकड़ों के मुताबिक, कोडरमा में सबसे ज्यादा 177 मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे गए. इसके बाद गिरिडीह में 105, सरायकेला में 103 और पलामू में 97 मोबाइल वापस किए गए.
रांची में 47, गुमला में 31, लोहरदगा में 9, खूंटी में 28 और सिमडेगा में 63 मोबाइल बरामद कर लौटाए गए. जमशेदपुर में 22, चाईबासा में 26, गढ़वा में 38, लातेहार में 20 और बोकारो में 60 मोबाइल फोन धारकों को मिले.
धनबाद में 22, हजारीबाग में 39, रामगढ़ में 61, चतरा में 14, दुमका में 15 और देवघर में 9 मोबाइल वापस किए गए. जामताड़ा में 17, गोड्डा में 21, पाकुड़ में 36 और साहेबगंज में 54 मोबाइल फोन बरामद किए गए.
क्या है CEIR पोर्टल?
CEIR यानी Central Equipment Identity Register एक ऐसी व्यवस्था है, जिसके जरिए खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन के IMEI नंबर के आधार पर उन्हें ट्रेस करने और जरूरत पड़ने पर ब्लॉक कराने की कार्रवाई की जाती है. झारखंड पुलिस इसी व्यवस्था का इस्तेमाल गुम मोबाइल फोन की पहचान और बरामदगी के लिए कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, मोबाइल वापस मिलने से लोगों को आर्थिक नुकसान की भरपाई के साथ पुलिस पर उनका भरोसा भी मजबूत हो रहा है. पुलिस ने कहा है कि CEIR के जरिए खोए और गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Also Read : झारखंड : मोबाइल नहीं भरोसा लौटा , 310 लोगों को पुलिस ने लौटाया खोया मोबाइल

