जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड पुलिस की ओर से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियानों के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई सामने आई है. रांची, चतरा, सिमडेगा और खूंटी पुलिस ने संयुक्त रूप से 310 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंपे. पुलिस ने तकनीकी संसाधनों, CEIR Portal और विशेष टीमों की मदद से अलग-अलग राज्यों और जिलों से इन मोबाइल फोन को बरामद किया.
रांची में 111 मोबाइल फोन बरामद
रांची पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान 2.0 के तहत 111 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में Mobile Recovery Cell, CEIR Portal, Technical Cell और संबंधित थाना पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की. तकनीकी विश्लेषण के जरिए मोबाइल फोन इस्तेमाल कर रहे लोगों की जानकारी जुटाई गई और आवश्यक कार्रवाई के बाद मोबाइल बरामद किए गए. मंगलवार को नवीन पुलिस केंद्र, रांची में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और पुलिस अधीक्षक यातायात ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे. लंबे समय बाद मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई.
चतरा में 18 मोबाइल बरामद
चतरा पुलिस ने ऑपरेशन भरोसा के तहत एक महीने का विशेष अभियान चलाकर 18 गुम मोबाइल फोन बरामद किए. इनमें पिपरवार से 2, गिद्धौर से 1, हंटरगंज से 5, सिमरिया से 2, लावालौंग से 1, वशिष्ठनगर से 1, राजपुर से 1, इटखोरी से 2 और पत्थलगड्डा से 3 मोबाइल शामिल हैं.
बरामद मोबाइल फोन चतरा समाहरणालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए. पुलिस अधीक्षक ने लोगों को CEIR Portal के इस्तेमाल और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी.
सिमडेगा में 128 मोबाइल की बरामदगी
सिमडेगा पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत सबसे अधिक 128 चोरी और गुम मोबाइल फोन बरामद किए. पुलिस के मुताबिक ये मोबाइल झारखंड के अलावा ओडिशा, गुजरात और छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों से बरामद किए गए. इनमें 12 मोबाइल CEIR Portal पर दर्ज शिकायतों के आधार पर और 116 मोबाइल अन्य तकनीकी एवं पुलिसिया माध्यमों से बरामद किए गए. मंगलवार को पुलिस केंद्र, सिमडेगा में आयोजित कार्यक्रम में सभी 128 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए.
पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से जुलाई 2026 तक पहले ही 445 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को दिए जा चुके थे. मौजूदा 128 मोबाइल की बरामदगी के बाद जनवरी 2026 से अब तक सिमडेगा पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल की संख्या 573 हो गई है.
खूंटी में 53 मोबाइल धारकों को लौटाए
खूंटी पुलिस ने मिशन मुस्कान के तहत गुम और चोरी हुए 53 मोबाइल फोन बरामद किए. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में CEIR Portal और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से मोबाइल की तलाश की गई. बरामद किए गए सभी 53 मोबाइल मंगलवार को उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए. मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खूंटी पुलिस के प्रति आभार जताया.
CEIR Portal से मोबाइल बरामदगी में तेजी
चारों जिलों की कार्रवाई में CEIR Portal की अहम भूमिका सामने आई है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोबाइल फोन गुम या चोरी होने के बाद नागरिकों को तत्काल नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराने के साथ CEIR Portal पर मोबाइल को ब्लॉक करने के लिए आवेदन करना चाहिए.
CEIR के जरिए मोबाइल के IMEI नंबर की मदद से उसके नेटवर्क पर दोबारा इस्तेमाल की स्थिति में पहचान करने और बरामदगी की कार्रवाई में मदद मिलती है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में देरी न करें और तत्काल शिकायत दर्ज कराएं.

चार जिलों में बरामद मोबाइल

पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे. इसका उद्देश्य गुम और चोरी हुई संपत्ति को वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने के साथ पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है.
Also Read : BPSC TRE-4 की मांगों को लेकर पटना में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, डाकबंगला पर लाठीचार्ज और पथराव


