पलामू रेंज के डीआईजी कौशल किशोर शुक्रवार को गढ़वा पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की. समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय पहुंचने पर एसपी आशुतोष शेखर ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद सभागार में लंबी बैठक चली.
डीआईजी ने साफ निर्देश दिए कि थानों में आने वाले आम लोगों के साथ पुलिस का रवैया बेहतर होना चाहिए और महिलाओं की शिकायतों पर तुरंत एक्शन लिया जाना चाहिए.
लंबित मामलों की समीक्षा की
बैठक के दौरान डीआईजी ने कई संवेदनशील मामलों की फाइलें खंगालीं. इसमें मुख्य रूप से पॉक्सो एक्ट के केस, आभूषण चोरी और छिनतई की घटनाएं, साइबर क्राइम, मानव तस्करी और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े लंबित मामले व मुआवजा वितरण की स्थिति शामिल रही. इसके अलावा थानों व पिकेट्स के निरीक्षण, पुलिस सभा और चल रही विभागीय जांच की भी समीक्षा की गई.
महिला शिकायतों को हल्के में न ले
डीआईजी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि पुलिस थानों में आम नागरिकों के लिए माहौल और व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए ताकि लोग बिना किसी डर के अपनी बात रख सकें. उन्होंने विशेष तौर पर कहा कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों को हल्के में न लिया जाए और उन पर विशेष संवेदनशीलता के साथ तुरंत कार्रवाई हो. साथ ही, पुलिसकर्मियों को अपनी वर्दी की गरिमा का ख्याल रखते हुए पूरी समझदारी और मर्यादा के साथ काम करने की नसीहत दी गई.
मौके पर एसपी आशुतोष शेखर के अलावा मुख्यालय डीएसपी, गढ़वा, रंका और श्री बंशीधर नगर के एसडीपीओ सहित जिलेभर के तमाम अंचल निरीक्षक मौजूद रहे.
Also Read : झारखंड : सिमडेगा पुलिस का ‘ऑपरेशन विश्वास’ ने लौटाया लोगों का विश्वास, लोगों को मिले 636 खोए हुए मोबाइल

