रांची. झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार सुबह से बारिश हो रही है. आसमान में बादल छाए हैं और मौसम ठंडा हो गया है. चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज, 29 अक्टूबर को झारखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग के अनुसार, गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है.
बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात का खतरा बना रहेगा. राज्य के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
रांची में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी में सुबह से हो रही बारिश के बीच दिनभर मौसम खराब रहने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रांची में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश के कारण तापमान में गिरावट और ठंड का एहसास बढ़ सकता है.
बंगाल की खाड़ी में बना अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार कर चुका है. तट पार करने के दौरान तूफान की अधिकतम निरंतर हवा की गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जबकि झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी.
तूफान के प्रभाव से झारखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
30 अक्टूबर से बारिश में कमी की उम्मीद
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अक्टूबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है, हालांकि बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी रहेगी.
खराब मौसम को देखते हुए लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए. तेज बारिश और हवा के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें. जलभराव वाले रास्तों, बिजली के खंभों और टूटे तारों से दूर रहें. मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें.
Also Read : झारखंड में चक्रवात अर्नब का असर, कई जिलों में बारिश; आंध्र प्रदेश में सड़कें क्षतिग्रस्त

