Ranchi : ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर सीधे झारखंड के लोगों पर भी पड़ा है। रांची और राज्य के अन्य जिलों से घूमने या काम के लिए गए लगभग 96 पर्यटक दुबई में फंस गए हैं। युद्ध के कारण भारत आने वाली कई उड़ानें रद्द हो गई हैं, जिससे उनकी वतन वापसी टल गई है। दुबई में फंसे पर्यटकों का कहना है कि आर्थिक मदद के बावजूद घर और परिवार से दूर रहना मुश्किल हो रहा है।
दीपक कुमार का अनुभव : उड़ान रद्द, होटल में ठहरना पड़ा
चान्हो के बीजूपाड़ा के रहने वाले दीपक कुमार की सीमेंट और छड़ की दुकान है। दीपक ने बताया कि उनका ग्रुप 28 फरवरी को भारत लौटने वाला था, लेकिन अंतिम समय में उड़ान रद्द होने से उन्हें होटल में ठहरना पड़ा। वहीं, टूर कंपनी ने आश्वासन दिया है कि पर्यटकों की वापसी तक का पूरा खर्च वह स्वयं वहन करेगी। स्थानीय प्रशासन ने भी उनके रहने और खाने की व्यवस्था की है। हालांकि, सुविधाओं के बावजूद घर से दूरी हर सुविधा पर भारी पड़ रही है। रांची में परिजन लगातार मोबाइल के जरिए अपनों से संपर्क बनाए हुए हैं। घरों में इंतजार और चिंता का माहौल है। हर कॉल के साथ सुरक्षित वापसी की उम्मीद और गहरी होती जा रही है।
नाजिया फातमा की चिंता : पति का घर लौटना टला
डोरंडा की नाजिया फातमा की आंखें अपने पति का जिक्र करते नम हो जाती हैं। उनके पति सैयद अब्दुल्लाह मुरादुल रहमान दुबई की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और इस बार ईद पर घर लौटने वाले थे। नाजिया बताती हैं कि उनके पति पिछले तीन वर्षों से घर नहीं आ पाए हैं। इस बार पूरे परिवार को उम्मीद थी कि ईद साथ मनाएंगे, लेकिन उड़ानें रद्द होने से घर आना फिर टल गया। नाजिया कहती हैं, “बच्चे हर दिन पूछते हैं – अब्बू कब आएंगे? इतना कहते-कहते मैं फफक पड़ती हूं।” दुबई से फोन पर सैयद अब्दुल्लाह ने बताया कि वे फिलहाल सुरक्षित हैं, लेकिन अनिश्चित परिस्थितियों को लेकर मन में भय बना हुआ है। उन्होंने कहा, “जैसे ही उड़ानें शुरू होंगी, सबसे पहले रांची लौटूंगा, ताकि परिवार और बच्चों के साथ ईद की खुशियां मना सकूं।”
शादी की तैयारी में फंसा परिवार
कांटाटोली निवासी औरंगजेब खान के घर में शादी की तैयारी चल रही है, लेकिन मौजूदा हालात ने परिवार की चिंता बढ़ा दी है। उनके भाई अमानुल्लाह खान और भांजा रिजवी खान दुबई की एक कंपनी में कार्यरत हैं। क्षेत्र में बढ़ते तनाव और लगातार उड़ानों के रद्द होने से दोनों की घर वापसी अनिश्चित हो गई है। औरंगजेब ने बताया कि रिजवी खान की शादी 25 मार्च को तय है। ईद के तुरंत बाद पूरे परिवार को जुटना था, लेकिन लगातार रद्द हो रही उड़ानों के कारण परिवार दुविधा में है। हालांकि, दोनों से लगातार बात हो रही है। अगर समय पर उड़ानें बहाल नहीं हुईं, तो मजबूरन शादी की तारीख आगे बढ़ानी पड़ जाएगी।
Also Read : लठमार से याओसांग तक : भारत में होली के 8 अनोखे रूप और परंपराएं

