श्रावणी मेला में बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए झारखंड सरकार ने इस बार खास सुविधा की तैयारी की है. अब श्रद्धालु सड़क मार्ग के अलावा हेलीकॉप्टर से भी देवघर और बासुकीनाथ धाम की यात्रा कर सकेंगे. इतना ही नहीं, हेलीकॉप्टर से देवघर, बासुकीनाथ और त्रिकूट का आसमान से दर्शन करने का मौका भी मिलेगा. यह हेलीकॉप्टर सेवा 4 अगस्त 2026 से शुरू होगी.
सरकार की ओर से यह सुविधा श्रद्धालुओं की यात्रा को आसान बनाने के साथ झारखंड में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से शुरू की जा रही है. हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के नागर विमानन प्रभाग की ओर से की जा रही है. वहीं, नागर विमानन विभाग के सहयोग से झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट यानी JFI इस सेवा का संचालन करेगा.
हेलीकॉप्टर सेवा के लिए दुमका जिले के बासुकीनाथ हेलीपैड को बेस हेलीपैड बनाया गया है. यहीं से हेलीकॉप्टर का संचालन किया जाएगा. सेवा को सुरक्षित और सुचारू तरीके से चलाने के लिए हेलीपैड पर जरूरी तैयारियां की जा रही हैं. श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन भी अपनी तैयारियों में जुटा है. हेलीकॉप्टर सेवा से जुड़ी जानकारी ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार की भी व्यवस्था की जा रही है.
7 से 10 मिनट में देवघर और बासुकीनाथ का हवाई दर्शन
अगर आप देवघर या बासुकीनाथ धाम का आसमान से दर्शन करना चाहते हैं तो इसके लिए भी हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध रहेगी. देवघर आकाशीय परिदर्शन और बासुकीनाथ आकाशीय परिदर्शन के लिए 7 से 10 मिनट की उड़ान होगी. इसका किराया 2,850 रुपये तय किया गया है. यानी कुछ ही मिनट की इस उड़ान में श्रद्धालु धार्मिक स्थलों को ऊपर से देखने का अनुभव ले सकेंगे.
देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए त्रिकूट का आकाशीय दर्शन भी कराया जाएगा. देवघर से त्रिकूट तक 10 से 15 मिनट की हेलीकॉप्टर उड़ान का किराया 3,750 रुपये रखा गया है. त्रिकूट क्षेत्र अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के साथ धार्मिक महत्व के लिए भी जाना जाता है. हेलीकॉप्टर से इसका नजारा श्रद्धालुओं के लिए खास अनुभव हो सकता है.
देवघर से बासुकीनाथ तक सीधी हेलीकॉप्टर सेवा
श्रद्धालु चाहें तो देवघर से सीधे बासुकीनाथ धाम भी हेलीकॉप्टर से जा सकेंगे. देवघर से बासुकीनाथ तक एकतरफा यात्रा के लिए 4,500 रुपये किराया निर्धारित किया गया है. इस सुविधा से उन श्रद्धालुओं को खास फायदा होगा, जो कम समय में देवघर से बासुकीनाथ पहुंचना चाहते हैं.
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि हेलीकॉप्टर सेवा से श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलने के साथ झारखंड के धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. श्रावणी मेला के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु देवघर और बासुकीनाथ पहुंचते हैं. ऐसे में हेलीकॉप्टर सेवा उनके लिए यात्रा का एक नया विकल्प होगी.
इसके अलावा श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों का हवाई दर्शन कराने से पर्यटन के लिहाज से भी इन क्षेत्रों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है. हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ लेने के लिए श्रद्धालु www.jharkhandaviation.in पर जाकर बुकिंग और पूरी जानकारी ले सकते हैं. इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 9122583111 पर संपर्क कर सेवा से जुड़ी जानकारी हासिल की जा सकती है.
Also Read : कहानी भारत की पहली महिला कमर्शियल पायलट की, दुर्बा बनर्जी के बारे में सबकुछ


